जौनपुर जिले के जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर मछलीशहर विद्युत उपकेंद्र के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका छोटा भाई गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार भाइयों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बंगालीपुर गांव निवासी रामसुमेर मौर्य का पुत्र कृष्ण चंद्र मौर्य(27) अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश मौर्य(20) के साथ बाइक से मुंगराबादशाहपुर गए थे। लौटते समय देर रात मछलीशहर विद्युत उपकेंद्र के पास अचानक नीलगाय से बाइक टकरा गई और सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों भाइयों को रौंद दिया। हादसे में बड़े भाई कृष्ण चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।