छात्रों ने लगाया परीक्षा में धांधली का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू विज्ञान संस्थान के बीएससी के छात्रों ने सोमवार को निदेशक कार्यालय के सामने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने गणित विषय में कापियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की।
शाम 4 बजे से चल रहे धरने में जब 2 घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कूड़े के ढेर में आग लगाकर विरोध तेज कर दिया। इस दौरान उनकी चीफ प्राक्टर और निदेशक से नोंकझोंक हुई।
कुलपति को लिखे पत्र में छात्रों ने बताया कि पिछले दिनों 28 जनवरी को धरने के दौरान निदेशक, चीफ प्राक्टर ने विशेष परीक्षा छठे सेमेस्टर के बाद कराने की बात कही थी लेकिन अब वह अपनी बात से मुकर रहे हैं।
अब निदेशक ने परीक्षा कराने से मना कर दिया है, जिससे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इस दौरान छात्रों ने सिर मुंडवाकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
बताया कि कुछ विषयों के कापियों के मूल्यांकन एक साथ कई छात्रों को जानबुझकर फेल कर दिया जाता है, जिस वजह से बैक पेपर देना पड़ता है। उधर देर रात 11 बजे तक छात्रों का धरना चलता रहा।
आरके हॉस्टल में पानी नहीं, दिया धरना
विश्वविद्यालय के आरके हॉस्टल में पानी की समस्या को लेकर छात्रों ने छात्र अधिष्ठाता कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान छात्रों की मांग थी कि कई बार कहने के बाद भी हॉस्टल में खराब वाटर कूलर नहीं बनवाया जा रहा है।
अब जबकि गर्मी तेज हो गई है, ऐसे में पानी न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हॉस्टल के वार्डन ने समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र वाटर कूलर आने तक तक धरने पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद जब वाटर कूलर मंगाकर लगवा दिया गया तब छात्रों ने धरना समाप्त किया।