सुभासपा अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधा। अपने कार्यालय पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक गुंडे-माफिया भाजपा में हैं। भाजपा को आरोप लगाने से पहले खुद के अंदर झांकना चाहिए। भाजपा के साथ बृजेश सिंह हैं तो हम मुख्तार अंसारी के साथ हैं।
मुख्तार पर द्वेषपूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही है। मुख्तार एक बार फिर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे, उन्हें कोई ताकत रोक नहीं पाएगी। ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। कहा कि मुख्यमंत्री ने एक सभा में दो लड़कों से सावधान रहने को कहा है।
सीएम योगी अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के बाद तीसरे ओमप्रकाश को भूल गए हैं, जो परमाणु बम है। आने वाले 10 मार्च को भाजपा को सत्ता से बाहर कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। भाजपा शासनकाल में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पर जितने आपराधिक मुकदमे थे, सभी खत्म कराए गए।