नरायनपुर गांव में ओमप्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कैबिनेट मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि दलितों और पिछड़ों के लिए लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। इसके लिए किसी भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे। रविवार को मिर्जापुर के नरायनपुर गांव में हुई सभा में पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री राजभर ने कहा कि न हम सरकार से सड़क का ठेका मांग रहे हैं और न ही बालू का पट्टा।
कहा कि पिछड़ों के आरक्षण को तीन भागों में बांटकर पिछड़ा, अति पिछड़ा और सर्वाधिक पिछड़ा बना दिया जाए। कहा कि हमें न तो मंत्री पद की परवाह है और न ही सरकार की चिंता। कहा प्रदेश में पूर्ण शराब बंदी जरूरी है।
इसके लिए आंदोलन करने के लिए सभी को लखनऊ चलने का आह्वान करते हुए कहा कि आरक्षण सभी जाति के गरीबों को मिलनी चाहिए। सभी गरीबों को आरक्षण दिलवाए बगैर वह चुप बैठने वाले नहीं हैं। कहा कि वह गरीब छात्रों के लिए मुफ्त पढ़ाई की व्यवस्था करने के लिए मुख्यमंत्री से बात की है।
सभा में अति दलित, अति पिछड़ा वर्ग के साथ उन्होंने सवर्णों के गरीब को भी साधने के लिए आरक्षण की वकालत कर दी। पुलिस कर्मियों को आठ घंटे ड्यूटी लगाने के लिए भी आवाज उठाई। मझवां व्लाक में प्रथम आगमन पर हजारों की संख्या में नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं नें ओमप्रकाश राजभर का बैंडबाजा व फूल-मालाओं से स्वागत किया।