कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
यूपी की भाजपा सरकार के एक कैबिनेट मंत्री ने भाजपा के विधायक के लिए कुछ ऐसा बोला जिसे सुनकर मौके पर मौजूद लोग चौंक गए। मंत्री ने इसके अलावा मीडिया से कई मुद्दों पर बातचीत की।
शुक्रवार को बनारस पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के ताजमहल को राम महल बनाने के बयान पर कहा कि कुछ लोग चर्चा में बने रहने के लिए किसी भी स्तर तक गिर जाते हैं। बैरिया विधायक का हाल यह है कि हाथी चले जाते हैं और...।
वहीं बंगले में तोड़फोड़ मामले में ओम प्रकाश राजभर ने न केवल पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बचाव किया है बल्कि उन्हें क्लीन चिट दे दी। बोले-बंगला खाली होने के बाद अधिकारी को हैंडओवर किया गया था। यह बात उसी दिन पता चल जाती लेकिन तीन दिन बाद इसे उछाला गया।
हालांकि उन्होंने कहा कि वह अभी एनडीए में ही हैं। भाजपा से उनका गठबंधन 2024 तक चलेगा। प्रदेश सरकार पर सिंहवाद का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि देहात में जब पात में लोग बैठते हैं तो उसमें अपनी जाति और पहचान वाले को पूड़ी परोसना वाला अधिक पूड़ी परोसता है। अखिलेश और मायावती की सरकार में यही काम हुआ था।
अजगरा से अपनी पार्टी के विधायक कैलाश नाथ सोनकर पर पहले क्रॉस वोटिंग बाद में पैसा हड़पने के विरोध में जिला मुख्यालय पर सिर मुंडवाने के सवाल पर कहा कि अवैध जमीन कब्जा करने वालों की शिकायत विधायक ने की थी। कब्जा करने वाले कागज तो दिखा नहीं पाए तो सिर मुंडवा कर घूम रहे हैं।