लोकसभा चुनाव जीतने के बाद अपनी मन्नत पूरी होने पर गोरखपुर से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद रवि किशन काशी पहुंचे। शनिवार को उन्होंने काशी विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। इस दौरान एक महिला ने जब अपनी समस्या सुनाई तो रवि किशन ने ऐसा काम कर दिया कि बुजुर्ग महिला उन पर भड़क गई।
विज्ञापन
रवि किशन जब काशी विश्वनाथ के दर्शन कर के बाहर आए तभी एक बुजुर्ग महिला रवि किशन के पास आ कर रोने लगी और उन्हें घेर लिया। कानपुर निवासी मीरा कपूर ने रवि किशन से कहा कि मेरी बहुओं ने मुझे मार कर घर से बाहर निकाल दिया है। मेरा मायका बनारस के लाहोरी टोला में है। वहां भी किसी ने मुझे रहने के लिए जगह नहीं दी। बुजुर्ग महिला ने गुहार लगाई कि मुझे मेरा हक दिला दीजिए।
रवि किशन ने उस महिला की समस्या का निदान करने के बजाए उसे पांच सौ रुपये का नोट थमा दिया। रवि किशन के द्वारा पांच सौ रुपए दिए जाने पर महिला काफी नाराज हुई। मीरा ने सभी नेताओं को एक समान बताया और रवि किशन की काफी निंदा की।
विज्ञापन
मीरा ने बताया कि मैंने रवि किशन से रहने की व्यवस्था करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मुझे पांच सौ का नोट थमा दिया। मैं कोई भीख नहीं मांग रही हूं, सिर्फ अपना हक मांग रही हूं।
इस घटना को लेकर पत्रकारों ने रवि किशन से सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिला अपने परिवार से पीड़ित हैं। बाबा विश्वनाथ के दर पर आई हैं तो उनके सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। आज से ही माता जी के सारे दुख खत्म हो जाएंगे।