बिहार में गुरुवार की देर शाम आई तेज आंधी की वजह से मुगलसराय-गया रूट पर ओएचई वायर टूट गए वहीं पेड़ उखड़ कर ट्रैक पर गिर गया। इससे शाम साढ़े छह बजे से जीसी लाइन बाधित हो गया। करीब दर्जन भर ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया है।
मंडल के कुदरा और डेहरी आन सोन से ओएचई वैन भेजकर मरम्मत शुरू कराया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार देर रात तक आवागमन ठीक होने की संभावना है।
बिहार में शाम साढ़े छह बजे बिहार के सासाराम, डेहरी, कुदरा आदि इलाके में तेज आंधी आई। इससे शाम साढ़े छह बजे शिवसागर रोड और कुम्हऊ स्टेशन के समीप पोल संख्या 581/14 से 581/12 के बीच ओएचई वायर टूट गया। कुदरा के समीप तीसरी लाइन और कुदरा खुर्माबाद स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर विशाल पेड़ गिर गया।
इससे अप और डाउन रूट बाधित हो गया। रूट बाधित होने की वजह से हावड़ा आगरा साप्ताहिक ट्रेन को बघोई कुशा स्टेशन के समीप खड़ी कर दी गई। रात नौ बजे अप की ओर जाने वाली पूर्वा एक्सप्रेस गया से पहले पहाड़पुर, जम्मूतवी टनकुप्पा में, कोलकाता राजधानी गोमो में, डाउन की ओर जाने वाली जोधपुर एक्सप्रेस अहरौरा रोड, बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस वाराणसी में, हावड़ा बिकानेर सुपर फास्ट विरोही में, कालका मेल इलाहाबाद में, चंबल एक्सप्रेस छिवकी में खड़ी रही। मालगाड़ियों को जहां तहां रोका गया था।
मुगलसराय मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वीराज के अनुसार देर रात तक आवागमन सुचारु हो जाएगा।