फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ये कैसी व्यवस्था: वाराणसी में अधिकारियों के मोहल्ले 'नो ट्रिप जोन', बाकी जगहों पर छह घंटे तक कटौती

Fri, 07 Aug 2026 01:17 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में बारिश के बीच बिजली कटने से लोग बिलबिला रहे हैं। कई इलाकों में 5-6 घंटे तक बिजली कट रही है। वहीं अधिकारियों के मोहल्ले 'नो ट्रिप जोन' में हैं। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बारिश के दिनों में जिले में बिजली की मांग 800 मेगावाट से घटकर 700 मेगावाट तक पहुंच गई है। इसके बावजूद कटौती कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर में वीआईपी इलाके (कचहरी, सर्किट हाउस), अधिकारियों की कॉलोनियां और सरकारी कार्यालयों वाले क्षेत्र नो ट्रिप जोन बने हुए हैं। वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चार से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। 

विज्ञापन


शहर के गोदौलिया, मैदागिन, आदमपुर, पांडेयपुर, लमही, पहड़िया, शिवपुर, लहरतारा, चांदपुर, लंका, सामनेघाट और अगस्तकुंडा समेत कई क्षेत्रों में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। हालांकि, निगम के अधिकारी इसे फाॅल्ट और शटडाउन का हवाला देकर किनारा कर रहे हैं। बुधवार दोपहर एक बजे शहर के अगस्तकुंडा क्षेत्र में फाॅल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन सुबह सात बजे फिर बिजली चली गई और दोपहर तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। 

स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकारियों के पास फाॅल्ट के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं था। इससे सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हुई। मंडुवाडीह क्षेत्र में रात करीब एक बजे बिजली गुल हो गई। लगातार बारिश के कारण बिजली निगम की टीम रात में मरम्मत नहीं कर सकी। बाद में ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर लगाकर करीब चार घंटे बाद आपूर्ति बहाल की गई।
विज्ञापन


फॉल्ट के कारण डीआईजी कॉलोनी, मकबूल आलम रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी, रजा कॉलोनी और पुलिस लाइन क्षेत्र में दो से तीन बार आधे-आधे घंटे की बिजली कटौती हुई। चोलापुर उपकेंद्र से भी चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोग परेशान रहे। 

Trending Videos

आदमपुर क्षेत्र के दीवानगंज और पठानी टोला मोहल्लों में बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भूमिगत केबल में फॉल्ट आने के कारण बाधित आपूर्ति शाम पांच बजे बहाल हो सकी। सुबह से रात तक कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद निगम के अधिकारी यह मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि कहीं भी कटौती नहीं की जा रही है। 

48 घंटे बाद मिली ठटरा गांव को बिजली
कछवां रोड। सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ठटरा गांव में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर के जलने से बुधवार दोपहर से सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। जेई राजेंद्र सिंह ने बताया कि ठटरा गांव का 250 केवीए ट्रांसफार्मर 15 दिन के भीतर दूसरी बार जल गया। लोड कम करने के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया। बृहस्पतिवार दोपहर ट्रांसफार्मर बदलने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। 
विज्ञापन

पेयजल का ट्रांसफार्मर जला, दो दिन से पानी की आपूर्ति ठप
लोहता। काशी विद्यापीठ ब्लॉक के भरथरा गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप पर लगा बिजली का ट्रांसफार्मर बुधवार को जल गया। इसके चलते नलों से पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। दो दिनों से ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गांव की आबादी 10 हजार से अधिक है। अधिकांश घरों में नलों के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है। 

एचटी लाइन पर शीशम का पेड़ गिरा, चार घंटे बाधित रही बिजली
हरहुआ। विद्युत उपकेंद्र के कोइराजपुर फीडर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हरहुआ आलू मिल के पास एचटी लाइन पर शीशम का पेड़ गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरते ही हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे फीडर की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे तक बाधित रही। पेड़ हटाकर क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल हुई। 

अधिकारी बोले
बारिश के दौरान हो रहे फाॅल्ट को ठीक कराने के लिए शटडाउन लिया जा रहा है। फाॅल्ट ठीक होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जा रही है। सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी खराबी की सूचना मिल रही है, उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी समाधान कराया जा रहा है। - अनिल वर्मा, मुख्य अभियंता

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें