वाराणसी। सरकारी दफ्तर, स्कूल, कालेज विश्वविद्यालय, चौराहों और घरों पर सबने शान से तिरंगा लहराया गया। संविधान की उस ताकत को महसूस किया, जिसने अपने देश में अपना राज-पाट कायम करने की ताकत दी।
हिंदुस्तान की आजादी के लिए सब कुछ न्योछावर करने वाले शहीदों को याद किया गया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया गया। कृतज्ञ राष्ट्र ने इतिहास में झांक कर देखा, संविधान के मुताबिक काम करने की शपथ ली। सांस्कृतिक उत्सवों, पुलिस परेड के जरिए देश को महफूज रखने का भरोसा दिलाया गया। सोमवार को इसी अंदाज में उल्लास और उमंग के साथ 66 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया।
स्कूली बच्चों ने जीजीआईसी से राजकीय क्वींस कालेज तक प्रभातफेरी निकाली गई। गली, मुहल्लों की सफाई की गई। महापुरुषों का माल्यार्पण किया गया। मंडलीय कार्यालय में मंडलायुक्त आरएम श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट में मुख्य राजस्व अधिकारी केक सिंह, विकास भवन में सीडीओ विशाख जी ने झंडा फहराया।
कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का नारियल और शाल देकर सम्मानित किया गया। शाम को मैदागिन स्थित टाउनहाल में सांस्कृतिक आयोजन हुआ। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान हुआ। सिविल कोर्ट परिसर के मुख्य भवन परिसर में जिला जज प्रेम प्रकाश तिवारी ने तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अलावा सेंट्रल बार एसोसिएशन भवन में एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रमा प्रसाद सिंह और बनारस बार एसोसिएशन भवन में एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू शरण चौरसिया ने झंडा फहराया।