शारदा मंदिर के पास खदान में हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
उधर, धर्मवीर तिवारी ने कहा कि इतनी गहरी खदान में खनन कार्य कैसे हो रहा था? खनन विभाग को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रात-दिन दोनों समय बड़ी-बड़ी मशीनें चलाकर अवैध खनन किया जा रहा है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और खननकर्ताओं को सिंडीकेट बनाकर खनन कराने का भी आरोप लगाया। मांग की कि खदान हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच कराते हुए डीजीएमएस और खान अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और घायल मजदूरों को समुचित इलाज के साथ मुआवजा दिया जाए। कार्रवाई न होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी।
जिला अस्पताल परिसर में कड़ी चौकसी
हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न आने पाए, इसके लिए जिला अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील रखा गया। हालांकि रात आठ बजे तक कोई घायल जिला अस्पताल नहीं पहुंचा था, लेकिन राहत कार्य जारी होने को देखते हुए चिकित्सक और पुलिस जिला अस्पताल में ही थी।
2012 के हादसे में 11 की गई थी जान
बिल्ली-मारकुंडी में जिस खदान में हादसा हुआ, उसके पास की एक खदान में 2012 में हुए इसी तरह के हादसे ने 11 मजदूरों की जिंदगी चली गई थी। उस दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर काफी चर्चा हुई। आठ महीने तक खनन कार्य पूरी तरह बंद रहा। खान सुरक्षा निदेशालय की तरफ से भी सख्ती के दावे किए गए। कुछ महीने बाद फिर से पुराने हालात में खनन शुरू कराने का दबाव पड़ने लगा। इनकार पर एक आईएएस और दो आईपीएस अधिकारियों को यहां से चलता कर दिया गया। बाद में किसी तरह खनन कार्य चालू कराया गया लेकिन पूर्व के हादसों से सबक लेने की बजाय, सुरक्षा मानकों में ढील जारी रही।
एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई
राहत बचाव कार्य अभी जारी है। तीन पोकलेन मशीन लगाकर भसके हुए पत्थर को हटाने कार्य किया जा रहा है। अभी कोई डेड बॉडी नहीं मिली है। रात में राहत बचाव कार्य मे परेशानी हो रही है। अभी मलवे में चार से अधिक मजदूरों के दबे होने की संभावना जताई जा रही है। राहत बचाब कार्य के लिए वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने पर राहत कार्य में तेजी आएगी। हालांकि मलबे में दबे किसी भी मजदूर के अब जिंदा बचने की संभावना नहीं के बराबर है।