यूपी के भदोही जिले में विवादित पोस्टरों की वजह से विवाद खड़ा हो गया है। शहर में गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम से ज्यादा इस पोस्टर की ही चर्चा रही।
बता दें कि सोमवार की सुबह जिले से जुड़े भाजपा के तीन बड़े नेताओं के खिलाफ शहर में कई जगहों पर लगे विवादित पोस्टर लगे मिले। इन पोस्टरों ने पार्टी में खलबली मचा दी। भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री के खिलाफ लगाए गए इन पोस्टरों में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया।
कुछ स्थानों पर पुलिस ने तो कई जगहों पर चिपकाए गए पोस्टरों को भाजपा समर्थकों ने हटाया। सुबह टहलने वाले लोग जब ज्ञानपुर के केएनपीजी, वीएनजीआईसी के समीप से गुजरे तो उनकी नजर एक पोस्टर पर पड़ी।
जिस पर औराई से भाजपा के विधायक दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक और जिलामंत्री राजेंद्र दूबे के खिलाफ अपमानजनक शब्द का प्रयोग करते हुए भूमाफियाओं, अपराधियों को संरक्षण देने वाला बताया गया।
इस पोस्टर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। ज्ञानपुर के अलावा गोपीगंज, औराई, जंगीगंज, भदोही समेत जिले के अन्य हिस्सों में चिपकाए गए पोस्टरों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से लेकर आम जन में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।