छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और समय पर दाखिला हो सके इसके लिए नवोदय विद्यालय समिति ने प्रवेश परीक्षा के समय में बदलाव कर दिया है। अब शैक्षिक सत्र 2016-17 के कक्षा छह में दाखिले के लिए सितंबर 2015 तक फार्म भरे जाएंगे और परीक्षा जनवरी 2016 में कराई जाएगी। साथ ही प्रवेश परीक्षा का परिणाम अप्रैल 2016 में घोषित कर दिया जाएगा।
अब तक परीक्षा फरवरी में होती थी और जून या जुलाई के प्रथम सप्ताह में रिजल्ट निकलता था। इससे सत्र शुरू होने में दिक्कत होती थी। नवोदय में प्रवेश के लिए 75 फीसदी सीट ग्रामीण इलाकों के और 25 फीसदी सीट शहरी क्षेत्र के बच्चों के लिए आरक्षित होती है। जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर में नवोदय विद्यालय संचालित हैं। प्रधानाचार्य सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि इसी महीने के अंत तक शैक्षिक सत्र 2016-17 में कक्षा छह में दाखिला के लिए डीआईओएस कार्यालय, बीएसए, बीआरसी केंद्रों पर फार्म भेजवा दिया जाएगा। बीआरसी पर 30 सितंबर तक फार्म जमा होंगे। प्रवेश परीक्षा नौ जनवरी 2016 को कराई जानी है।