मऊ निवासी नर्सिंग होम संचालक की सोमवार सुबह बदमाशों ने आजमगढ़ जिले के कुशमहरा में गोली मारकर हत्या कर दी। नर्सिंग होम संचालक अहरौला में भी नर्सिंग होम चलाता था और मऊ जा रहा था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है।
बहनोई की तहरीर पर एक युवती के खिलाफ हत्या कराने की रिपोर्ट दर्ज की गई है साथ ही नर्सिंग होम में काम करने वाली एक अन्य युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली के खैराबाद निवासी अरविंद कुमार उर्फ गुड्डू डिसूजा पिछले नौ साल से अहरौला कस्बे के चांदनी चौक में नर्सिंग होम चलाता था। इसके लिए उसने कस्बे ही दो अलग-अलग मकान किराए पर ले रखे थे।
एक में अरविंद ओपीडी चलाता था और दूसरे में ऑपरेशन से संबंधित कार्य होते थे। इसके अलावा वो घर पर भी मरीजों को देखता था। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे वो स्कूटी से अपने घर के लिए निकला था।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित बस्ती भुजबल-निजामाबाद मार्ग पर गांव कुशमहरा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने सामने से खड़े होकर अरविंद के सीने में दो गोलियां मारी और बाइक से भाग निकले।
गोली लगते ही चिकित्सक मौके पर गिर गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर अहरौला, कप्तानगंज और तबरपुर की पुलिस पहुंच गई। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पखनपुर में ब्याही नर्सिंग होम संचालक की बहन शशिकला भी मौके पर पहुंच गई। उसने बताया कि अरविंद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। घटना के पीछे आशनाई का मामला सामने आ रहा है।
बताया जाता है कि पूर्व में नर्सिंग होम पर काम करने वाली युवती से अरविंद का विवाद चल रहा था। वो खुद को नर्सिंग होम संचालक की पत्नी बताती थी। फिलहाल पुलिस ने बहनोई सिकंदर की तहरीर पर प्रियंका नाम की युवती के खिलाफ हत्या कराने की रिपोर्ट दर्ज की है। नर्सिंग होम में काम करने वाली एक अन्य युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।