एसी बसों की डिमांड, वाराणसी परिक्षेत्र में केवल 35 बसें
गर्मी शुरू होते ही रोडवेज की एसी बसों में लोड फैक्टर बढ़ने लगा है। लंबी दूरी के यात्रियों की पहली मांग एसी बसों की हो रही है। हालांकि लखनऊ, कानपुर, आगरा और प्रयागराज, गोरखपुर रूट पर एसी बसों की संख्या कम होने से यात्रियों की परेशानी हो रही है।
वाराणसी परिक्षेत्र के आठ डिपो में कुल 35 एसी बसें हैं। नई दिल्ली के लिए सिर्फ एक एसी बस है। लखनऊ के लिए 24 घंटे में महज 10 एसी बसें संचालित होती हैं। कानपुर, गोरखपुर रूट पर भी कम संख्या होने के कारण यात्रियों को साधारण बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। जबकि इन रूटों पर यात्रियों की संख्या बहुत है।
ऑनलाइन व्यवस्था होने के कारण पहले ही सीट आरक्षित हो जा रही है। इस वजह से यात्रियों को निजी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि एसी बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। परिक्षेत्र को जल्द ही एसी बसें मिलने वाली हैं।