अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के अटलांटा में रहने वाली डीआरडीओ की पूर्व शोध छात्रा ने इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आईएमएस) बीएचयू के जनरल मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट अनुराग राणा के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मूलरूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर की रहने वाली पूर्व शोध छात्रा का आरोप है कि सीनियर रेजिडेंट ने दुष्कर्म की धमकी दी। ब्लैकमेल किया। पीछा करके चरित्र को बदनाम किया। ताक-झांक भी की। तहरीर के आधार पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने गत 5 जनवरी को केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
मामला राष्ट्रीय महिला आयोग भी पहुंचा था।आरोपी अनुराग राणा पूर्व शोध छात्रा की दोस्त का भाई है।डीआरडीओ की पूर्व शोध छात्रा ने भेलूपुर पुलिस को बताया कि अनुराग राणा मूल रूप से आगरा के एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर का रहने वाला है। वह वाराणसी के दुर्गाकुंड क्षेत्र के कैवल्यधाम एक्सटेंशन कॉलोनी स्थित सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रहता है।
पीएचडी की पढ़ाई के दौरान वर्ष 2019 में सुप्रिया राणा उनकी सहपाठिनी थी। सुप्रिया से मिलने उसका भाई अनुराग राणा आया था। सुप्रिया ने अनुमति के बगैर ही अनुराग को उनका मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद से अनुराग ने पीछा करना शुरू कर दिया। परिचितों, सहकर्मियों, दोस्तों, रिश्तेदारों को फेसबुक, लिंक्डइन और इंस्टाग्राम पर मेसेज और कनेक्शन अनुरोध भेजने लगा।
अनुराग ने उन्हें, उनके पति, शिक्षकों और परिजनों को अपमानजनक, धमकी भरे ई-मेल भेजे। ई-मेल में झूठे और दुर्भावनापूर्ण दावे किए गए। इसका उद्देश्य उनके विवाह को समाप्त और पेशेवर जिंदगी को बाधित करना है।
अनुराग राणा ने व्यभिचार के झूठे आरोप लगाए। उनकी डिजिटल तस्वीरें पति के पास भेजीं। अनुराग उनके चरित्र को बदनाम करने के लिए डिजिटल तस्वीरों और वीडियो रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दे रहा है। परिजनों, नियोक्ता और दोस्तों को भी उपलब्ध कराने की बात कह रहा है।