श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की जेब अब ढीली नहीं होगी। निशुल्क लॉकर का लालच देकर मनमाने दाम पर प्रसाद बेचने वालों पर लगाम लगाई जाएगी। अमर उजाला में श्रद्धालुओं की परेशानी की खबर प्रकाशित होने के बाद मंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मंदिर के बाहर डिस्प्ले बोर्ड लगेगा और निशुल्क लॉकर की व्यवस्था यात्री सुविधा केंद्र में शुरू की जाएगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि यात्रियों की असुविधा की जानकारी मिलने के बाद मंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मंदिर के बाहर यात्री सुविधा केंद्र और निशुल्क लॉकर का डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा। इसके साथ ही सभी प्रवेश द्वार पर निशुल्क लॉकर की जानकारी के बारे में सूचनाओं का प्रसारण लाउडस्पीकर के जरिये किया जाएगा।
यात्री सुविधा केंद्र एक में एक हजार एक लॉकर
यात्रियों की शिकायत के आधार पर मानक से अधिक रुपये वसूलने वालों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों से भी पत्र व्यवहार किया जाएगा। यात्री सुविधा केंद्र एक में एक हजार एक लॉकर की क्षमता है। यात्री यहां पर अपना सामान निशुल्क जमा करवा सकते हैं।
पढ़ेंः श्रद्धालुओं से हो रही खुली लूट, लॉकर निशुल्क मगर प्रसाद के लिए देना पड़ता है 500 रुपये शुल्क