महाशिवरात्रि पर यदि आप काशी विश्वनाथ मंदिर अथवा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर का प्रसाद ग्रहण करना चाहते हैं तो आपको डाक विभाग घर बैठे यह सुविधा मुहैया कराएगा। काशी विश्वनाथ के प्रसाद के लिए आपको प्रवर डाक अधीक्षक, वाराणसी (पूर्वी) के नाम 60 रुपये और महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन कमेटी के नाम 151 रुपये का मनीआर्डर भेजना होगा।
डाक विभाग की इस पहल के बाद देश के किसी भी कोने में बैठे भक्त काशी विश्वनाथ मंदिर और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट से प्राप्त कर सकेंगे। इलाहाबाद परिक्षेत्र के निदेशक (डाक सेवाएं) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग और काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच हुए एक अनुबंध के तहत प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके तहत साठ रुपये का मनीआर्डर प्रवर डाक अधीक्षक, वाराणसी (पूर्वी) के नाम से भेजना होगा। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के सौजन्य से प्रसाद के रूप में बाबा का भभूत, रुद्राक्ष, लेमिनेटेड फोटो और शिव चालीसा भेजा जाएगा।
जिन भक्तों को महाकालेश्वर मंदिर का प्रसाद चाहिए, उन्हें प्रशासक, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन कमेटी, उज्जैन के नाम 151 रुपये मनीआर्डर भेजना पड़ेगा। इस प्रसाद में 200 ग्राम ड्राई फ्रूट, 200 ग्राम लड्डू, भभूत और महाकालेश्वर का चित्र शामिल है। प्रसाद को वाटरप्रूफ लिफाफे में भेजा जाएगा ताकि वह सुरक्षित और शुद्ध बना रहे।