Varanasi News: मरीजों की सहूलियत को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने यह व्यवस्था की है। मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड कराने के लिए निजी केंद्रों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। अमर उजाला में छपी खबर के बाद जिला प्रशासन ने इसकी रिपोर्ट मांगी थी। अस्पताल के सीएमएस ने अपनी रिपोर्ट दी है।
वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उनका न केवल तुरंत अल्ट्रासाउंड होगा, बल्कि उसकी रिपोर्ट भी समय पर उन्हें मिल जाएगी। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों से अल्ट्रासाउंड कराने का निर्णय लिया है। अमर उजाला में मरीजों की समस्या से जुड़ी खबर पर जिला प्रशासन ने जो रिपोर्ट मांगी थी, उसमें अस्पताल के सीएमएस ने यह रिपोर्ट दी है।
विज्ञापन
जिला अस्पताल की ओपीडी में हर दिन वाराणसी के शहरी और ग्रामीण इलाकों से आने वाले 800 से 1000 मरीजों में 100 से ज्यादा मरीजों का अल्ट्रासाउंड कराया जाता है। फिलहाल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी की वजह से अस्पताल में जहां एक मशीन नहीं चल पा रही है, वहीं जो मशीन चल रही है, उस पर जांच कराने वालों को एक से सवा महीने तक की वेटिंग मिल रही है। इसके कारण मरीजों की बीमारी कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है।
अमर उजाला में इस समस्या की खबर छपी तो जिला प्रशासन ने मामले की पड़ताल कर सीएमओ से रिपोर्ट मांगी। सीएमओ ने जब सीएमएस से जवाब मांगा तो पता चला कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण अल्ट्रासाउंड में देरी की समस्या बनी हुई है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह का कहना है कि अस्पताल के विशेषज्ञों की एक टीम बनाई गई है, जिसे अल्ट्रासाउंड करने का प्रशिक्षण दिलाया गया है।
विज्ञापन
रेडियोलॉजिस्ट की जब तक कमी है, तब तक ओपीडी में आने वाले मरीजों का अल्ट्रासाउंड डॉक्टरों की टीम करेगी। इससे मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी और सीएमओ को भेज दी गई है।