एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अब बायोमेट्रिक से एंट्री अनिवार्य होगी। इसके लिए एथलेटिक्स संघ ने एक वेबसाइट का निर्माण भी कर लिया है। जो अगले सत्र से हर प्रतियोगिताओं में लागू होगी। इस आशय की जानकारी देते हुए यूपी एथलेटिक्स संघ के कोचिंग कमेटी अध्यक्ष दिनेश जायसवाल ने बताया कि अक्सर एक नाम पर कई दावेदार प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंच जाते हैं।
ऐसे ही फर्जीवाडे़ को रोकने के लिए अब भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने एक वेबसाइट तैयार किया है, जिस पर संघ के पंजीकृत खिलाडि़यों का डेटा और आधार कार्ड अपलोड होगा। जिसके माध्यम से वैध खिलाड़ी ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि जिले में 125 महिला और पुरुष एथलीट पंजीकृत हैं, जो आने वाले दिनों में किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके लिए आयोजन स्थल पर एक अलग से केंद्र होगा।
बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद खिलाडि़यों को और कोई दस्तावेज दिखाने की जरुरत नहीं होगी। इस वर्ष कोरोना की वजह से कोई प्रतियोगिता का आयोजन तो संभव नहीं मगर अगले सत्र में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बायोमेट्रिक की सुविधा जरूर होगी।