वाराणसी में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के दो प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही निजी चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन और अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ को तत्परता से सेवा देने का भी निर्देश दिया।
अपर मुख्य सचिव और नोडल अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने रविवार दोपहर डीएम कार्यालय में बैठक कर कांटेक्ट ट्रेसिंग की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों के कांटेक्ट वाले लोगों को 24 घंटे के अंदर खोज कर सभी की तत्काल सैंपलिंग कराई जाए जिससे कि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने रैपिड रिस्पांस टीम और डाटा एंट्री ऑपरेटर की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने संक्रमण रोकने के लिहाज से कांटेक्ट,ट्रेसिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल सुनिश्चित करने की जानकारी अपर मुख्य सचिव को दी।