ठठेरी बाजार मोड़ स्थित संजय अग्रवाल की सराफा दूकान में करोड़ों की डकैती की घटना के खुलासे के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रियों की ओर से किए गए दावे हवा-हवाई साबित हुए। वारदात की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने आईजी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों से बात की थी और 24 घंटे में घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। अगले दिन प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया कि बदमाश पाताल में भी होंगे तो पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी लेकिन वारदात के 81 घंटे बाद भी उनके दावे का दम कहीं नजर नहीं आया।
जबकि, मौके पर पहुंचे मंत्रियों ने यह जानकारी दी थी कि घटना को लेकर सीएम बेहद गंभीर हैं। उनके निर्देश पर ही वे यहां आए हैं। पुलिस उच्चाधिकारियों से कहा था कि भाजपा सरकार में कार्रवाई का फर्क दिखना चाहिए। हालांकि मीडिया के सामने बयान देने के बाद दोनों मंत्रियों ने दोबारा घटना को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। मंगलवार को चौक ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य व्यापारियों और आम लोगों में मंत्रियों के हवा-हवाई दावे चर्चा में रहे।