इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव की प्रकिया सोमवार से शुरू हो जाएगी। 24 से 29 नवंबर तक नामांकन पत्र का वितरण आईएमए परिसर में बने चुनाव कार्यालय से किया जाएगा। डॉक्टर छह दिसंबर तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल ने बताया कि 21 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना भी करवाई जाएगी। इस बार चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत मुख्य 14 पदों और एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर्स 21 और स्टेट काउंसिल प्रतिनिधि के 44 पदों पर चुनाव करवाया जाएगा। 6 दिसंबर तक नामांकन पत्र जमा करने के बाद 8 दिसंबर तक इसकी जांच कर वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 10 दिसंबर की शाम 5 बजे तक नामवापसी होनी है। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी।