महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव दिसंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकते हैं। छात्रसंघ चुनाव के लिए जिला प्रशासन, पुलिस तथा विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रनेताओं के बीच बृहस्पतिवार को बैठक हुई। इसमें 17 या 18 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के लिए तिथि संभावित है।
बृहस्पतिवार को चीफ प्राक्टर प्रो. निरंजन सहाय की अध्यक्षता में आगामी छात्रसंघ चुनाव के लिए बैठक आयोजित हुई। बैठक में नामांकन और चुनाव की तारीखों पर सहमति बनी है। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. निरंजन सहाय ने बताया कि निर्धारित तिथियों के आशय का पत्रक संभावित उम्मीदवारों को सौंपा गया है। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों के बीच छात्र संघ चुनाव कराने पर विचार विमर्श हुआ। विमर्श के बाद निर्धारित हुआ कि 17 एवं 18 दिसंबर में से किसी एक तारीख को छात्र संघ चुनाव के नामांकन के लिए नियत की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में छात्रसंघ चुनाव कराए जा सकते हैं। बता दें कि छात्रनेता विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे।