विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा। वाराणसी की आठ विधानसभा सीटों के लिए नामांकन की तैयारियों को बुधवार की शाम अंतिम रूप दे दिया गया।
कचहरी परिसर के बाहर से नामांकन कक्ष तक के रूट पर 11 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 14 वीडियो कैमरों से वीडियो रिकार्डिंग भी की जाएगी। नामांकन स्थल से दो सौ मीटर दूर ही जुलूस रोक दिया जाएगा।
जुलूस के लिए अनुमति लेनी होगी। नामांकन के लिए प्रत्याशी समेत पांच लोग ही नामांकन कक्ष में जा सकेंगे। दिन में 11 से तीन बजे तक नामांकन किया जा सकेगा। सुरक्षा के लिहाज से कचहरी चौराहा, सर्किट हाउस तिराहा, कमिश्नर आवास से कचहरी जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकार योगेश्वर राम मिश्रा ने बुधवार को सभी आठ नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया।
निर्देश दिया कि सभी कक्षों में स्कैनर, कंप्यूटर, इंटरनेट, टेलीफोन आदि की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।
नामांकन कक्षों के बाहर प्रत्याशियों के लिए आवश्यक प्रपत्रों की सूची चस्पा कर दी गई है।
करीब 25 लोग विभिन्न नामांकन कक्षों से ट्रेजरी चालान फार्म ले गए हैं। गुुरुवार से नाम निर्देशन पत्रों की वितरण शुरू होगा। हालांकि इसे चुनाव आयोग की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है। सपा और कांग्रेस गठबंधन की ओर से गुरुवार को कोई प्रत्याशी नामांकन नहीं करेगा। सपा जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव का कहना है कि नामांकन करने की तैयारियां चल रही हैं। वहीं भाजपा और बसपा की ओर से भी कोई प्रत्याशी नामांकन नहीं करेगा। छोटे दल और निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं।