वाराणसी। अपर मुख्य सचिव और जिले के नोडल अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने रविवार को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की स्थिति, खानपान की गुणवत्ता आदि सुविधाओं की हकीकत को जाना। इस दौरान सीएमओ- सीएमएस और डॉक्टरों के साथ बैठक कर मरीजों का बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया।
अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल में वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता रखने की बात कही। मरीज के मौत के बारे में जानकारी ली। साथ ही कहा कि पहले से बीमार लोगों की समय से जांच -इलाज से मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। इस दौरान नोडल अधिकारी ने फोन से ही कोरोना संक्रमित मरीज ओम प्रकाश त्रिपाठी से बात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिलने वाले भोजन, डॉक्टर की उपलब्धता, दवा आदि के बारे में भी जानकारी की तो जवाब संतोषजनक रहा। सीएमओ को संचारी रोगों के लिए चलाए जाने वाले अभियान में घर-घर जाने वाली टीम को पहले से बीमार मरीजों के बारे की सेहत पर ज्यादा ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, विशेष कृषि उत्पादन आयुक्त अनिल ढींगरा सहित शासन से आए विशेषज्ञों की टीम मौजूद रही।