शासन की घोषणा के मुताबिक सोमवार से पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के जिलों में सरकारी कार्यालय खुलेंगे। इनमें केवल सरकारी कामकाज होगा जबकि जनता को कार्यालय में तीन मई तक आना प्रतिबंधित रहेगा। जिलों में अवस्थापना से जुड़े काम शुरू हो जाएंगे। सड़क, शौचालय का निर्माण कार्य तथा मनरेगा का काम प्रारंभ हो जाएगा।
लॉकडाउन की समयावधि का पूरी सख्ती के साथ पालन किया जाएगा। सड़कों पर वाहनों की चेकिंग जारी रहेगी तथा अनावश्यक घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी मास्क पहन कर ही अपने दफ्तरों में काम करेंगे। इसके अलावा वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, बलिया, मऊ, चंदौली में कोई नयी छूट नहीं दी जाएगी। सोमवार को हालात की समीक्षा के बाद छूट देने पर विचार किया जाएगा।
जौनपुर, भदोही और सोनभद्र में ग्रामीण क्षेत्रों में जन सेवा केंद्रों का संचालन 20 अप्रैल से आरंभ हो जाएगा। इसके अलावा कृषि मशीनरी की दुकानें, स्पेयर पार्ट्स, फसलों की कटाई, बुवाई से संबंधित कृषि मशीन, नगरीय सीमा के बाहर की औद्योगिक इकाइयां, ईंट भट्ठे, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां, पशु अस्पताल, पशु चारा की दुकानें, स्वरोजगार से जुड़े व्यक्ति प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, कारपेंटर, ई-कॉमर्स के जरिए आपूर्ति सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क की शर्तों के साथ शुरू होंगी।
भदोही के डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, पशु पालन, वित्तीय क्षेत्र (बैंकिंग), आंगनबाड़ियों का संचालन, ऑनलाइन शिक्षा/दूरस्थ शिक्षा, मनरेगा का काम शुरू होंगे। सार्वजनिक उपयोगिता के क्षेत्र में माल और वस्तुओं के यातायात तथा उसके लोडिंग-अनलोडिंग भी शुरू होंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सभी को करना अनिवार्य होगा।
आजमगढ़ के सीडीओ आनंद शुक्ला ने बताया कि सभी सरकारी कार्यालय 30 फीसदी कर्मियों के साथ सोमवार से कार्य करेंगे। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय आदि के कार्य जल्द शुरू होंगे। आवश्यक सेवाओं में शामिल मेडिकल, राशन और सब्जी की दुकानों के साथ खेती और खेती से संबंधित यंत्रों, पंचर की दुकानें जैसे खुल रही हैं वैसे ही खुलेंगी। जिले के हॉटस्पॉट मुबारकपुर के नयापुरा सीकठी के आस पास केवल आवश्यक सेवाओं वाली सरकारी कार्यालय ही कार्य करेंगे।