पंडालों पर वैकल्पिक रोशनी की व्यवस्था जरूरी
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए आयोजक इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की व्यवस्था जरूर रखें। नगरीय क्षेत्रों में पंडालों, मूर्ति विसर्जन स्थलों और कुंडों की सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायती राज अधिकारी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। विसर्जन स्थलों तक जाने वाले रास्तों पर झाड़ियां हटाने, पर्याप्त प्रकाश और साफ-सफाई के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्तियों का विसर्जन पोखरों, तालाबों और पर्याप्त पानी वाले निर्धारित स्थलों पर ही होगा। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। रावण दहन के आयोजनों को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की गई।
रामलीला और मेले में तैनात होंगी महिला पुलिसकर्मी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने एसीपी और थाना प्रभारियों से दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक करने और पंडालों तथा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। रामलीला मंचन और मेले वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
पंडालों, रामलीला मंचों और रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। आयोजकों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम समाप्त करने और विसर्जन जुलूस के दौरान पूरी सड़क नहीं घेरने की हिदायत दी गई। बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने के निर्देश दिए गए। स्वयंसेवकों को अलग जर्सी, बैज या पहचान पत्र देने और उनकी सूची संबंधित थाने में उपलब्ध कराने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने अश्लील गाने बजाने से बचने और जुलूस तथा विसर्जन के दौरान सीमित साउंड बॉक्स का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने भ्रामक सोशल मीडिया सूचनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने को कहा। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल, राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी पंकज कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।