प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम के आगमन को लेक र बुधवार को प्रशासनिक अमला तैयारियों को फाइनल टच देने में जुटा रहा। पीएम डीरेका मैदान पर बिजली और सड़क की योजनाओं की शुरुआत करने के साथ ही विकास जनसभा को संबोधित करेंगे।
इससे पहले वह छावनी स्थित मल्टीपरपज ग्राउंड पर रिक्शा वितरण समारोह में शामिल होंगे। पीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी टीम की देखरेख में मंच सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दोनों स्थानों पर पीएम के लिए बनाए गए मैंच जांचे गए। इस बार सुरक्षा एजेसियां कोई खतरा मोल लेना नहीं चाहती, सो बिजली को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। बिजली के तारों को पीवीसी पाइप में डालकर भूमिगत कर दिया गया है।
पीएम की फ्लीट सिनेमाहाल वाले गेट से मैदान में प्रवेश करेगी जबकि वीवीआईपी, वीआईपी और मीडिया के लोग हेल्थ सेंटर वाले गेट से अंदर आएंगे। वहीं आमजन और भाजपा कार्यकर्ताओं को मंच के सामने की ओर बने गेट से प्रवेश दिया जाएगा।
हर प्रवेश द्वार पर सुरक्षा के लिहाज से डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। इसके अलावा मैदान में 40 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यानी मैदान पर मौजूद हरेक शख्स पर कैमरे से निगरानी की जाएगी।
पिछली बार करंट से हुई माली की मौत की घटना से प्रशासन इस बार बेहद सतर्क है लिहाजा कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे सभज्ञ स्थल पर 100-100 एम्पीयर के एमसीवी लगाए गए हैं। निगरानी के लिए वाच टावर बनाया गया है, जहां सुरक्षाबल के जवान तैनात होंगे।
डीरेका मैदान पर मंच के ठीक पीछे पार्कि ंग एरिया और सेफ हाउस बनाया गया है। इसके अलावा हॉटलाइन कक्ष बनाया गया है, जहां संचार की सभी सुविधाएं मुहैया होंगी। इसके अलावा वातानुकूलित वीवीआईपी कक्ष बनाया गया है, जिसमें लगभग 200 लोगों के बैठने और चाय-नाश्ते की व्यवस्था रहेगी।
पिछली बार की तरह इस बार भी दिल्ली से साउंड सिस्टम मंगाया गया है। मंच के दोनों ओर हैंगर पर स्पीकर्स लगाए गए हैं। मैदान में अंतिम पंक्ति में बैठे शख्स को भी पीएम की आवाज स्पष्ट सुनाई दे इसके लिए डिजिटल मिक्सर मंगाया गया है। पीएम जिस मंच में भाषण देंगे वह 12 फीट ऊंचा, 40 फीट लंबा और 24 फीट चौड़ा बनाया गया है। 60 फीट के डी एरिया में केवल एसपीजी के जवान ही रहेंगे।