बनारस में 'नीतीश तुम बेवफा हो' के पोस्टर लगाते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता से दूर रखने के लिए 20 महीने पहले बना महागठबंधन टूटने के साथ ही अब आरोप और प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में तो कांग्रेसियों ने पोस्टर वार शुरू कर दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बहुचर्चित सोनम गुप्ता की तर्ज पर 'नीतीश कुमार तुम बेवफा हो' पोस्टर जारी कर दिया। बनारस के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार सच में बेवफा निकले।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ने गठबंधन का सम्मान न करते हुए बीजेपी से हाथ मिला लिया। उनकी इस बेवफाई को जिले भर की गलियों और चौराहों पर पोस्टर लगाकर आमजन को बताया जाएगा।
इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा का कहना है कि आहत यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर के माध्यम से अपना गुस्सा जाहिर किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के कई इलाकों में यह पोस्टर लगा भी दिया है।
बता दें कि बुधवार को एक नाटकीय घटनाक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं गुरुवार को भाजपा के साथ मिलकर फिर से सरकार बना लिया।