फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: महिलाओं को पुलिस हिरासत में रखा, पड़ोसियों ने दो भाईयों को पीटा; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sun, 02 Mar 2025 03:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में एक चाैंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि चेतगंज थाने की पुलिस ने दो महिलाओं को चोरी के मामले में पांच दिन तक हिरासत में रखा। वहीं, मारपीट मामले में तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Update Today : अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पंचम) धर्मेंद्र यादव की अदालत ने चेतगंज थाने के चोरी के एक मामले में दो महिलाओं को 5 दिन पुलिस हिरासत में रखने के मामले में पुलिस कमिश्नर से आख्या तलब की है। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से प्रार्थनापत्र देकर कहा गया कि सीता व उसकी बहन अराधना को 23 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे से 28 फरवरी 2025 तक थाना चेतगंज की पुलिस ने हिरासत में रखा।

विज्ञापन


इस पर सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्डिंग सिगरा से आख्या तलब करने को कहा गया है। इस मामले में अदालत ने पुलिस आयुक्त को आदेशित किया कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 15 दिन के भीतर 17 मार्च को न्यायालय में आख्या प्रस्तुत करें।

ट्रक से कुचलकर बीएचयू निकाय के पूर्व अध्यक्ष की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी मार्ग पर शुक्रवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बीएचयू छात्रसंघ निकाय के पूर्व अध्यक्ष चौधरी देवेंद्र नाथ सिंह उर्फ मुरारी (60) की मौत हो गई। वह बाजार गए थे। परिजनों ने शनिवार को शव की शिनाख्त की। मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में राजनीतिक और प्रबुद्धजनों ने शोक जताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पंचवटी-लंका मार्ग पर रात 10 बजे ट्रक की चपेट में आने से देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। वह ट्रक के पहिए में फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद निकाला था। पुलिस ने रात में ही देवेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र के परिजनों ने बताया कि देर शाम वह बाजार जाते थे। घर लौटते समय ही ट्रक की चपेट में आ गए। जिस रूट पर हादसा हुआ है, उस पर ट्रक ज्यादा चलते हैं।

पड़ोसियों ने दो भाईयों को पीटा, केस दर्ज
मारपीट मामले में तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल निवासी दो सगे भाइयों अजय चौहान और दिलीप चौहान ने बताया कि शुक्रवार की रात में प्रकाश चौहान, आकाश चौहान, ज्ञानू चौहान अन्य ने मारपीट की।

किराएदार और मकान मालिक में मारपीट, केस दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के सोनिया में बिजली बिल और किराया बकाया के विवाद को लेकर मकान मालिक और किरायेदार में मारपीट हो गई। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया।

मकान मालिक सुनील ने पुलिस को बताया कि चंद्र मोहन श्रीवास्तव बिना किराया दिए मकान खाली कर रहे थे। टीवी और कुछ सामान रोक लिया तो चंद्र मोहन और उसके परिजनों ने मारपीट की। वहीं, किराएदार चंद्र मोहन की बेटी स्मृति श्रीवास्तव ने बताया कि सुनील व उनके पुत्र समेत चार लोगों ने मारपीट की। मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

गेस्ट हाउस संचालक के पुत्र संग मारपीट का एक आरोपी गिरफ्तार
साहित्यनाका स्थित एक गेस्ट हाउस संचालक के बेटे के साथ मारपीट मामले में शनिवार को एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिर्जापुर के अदलहाट नारायणपुर निवासी हर्ष सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस की कार्यवाही से असंतुष्ट कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही धारा बढ़ाने की मांग की थी। 

विधायक के शिकायत के बाद पुलिस एनसीआर को एफआईआर में तब्दील कर कई गंभीर धाराएं बढ़ाकर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

5 साल से फरार आरोपी के घर हुई कुर्की
अमानत में खयानत व जान से मारने की धमकी के मामले में 5 साल से फरार आरोपी के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को कुर्की की कार्यवाही की। मकान से चारपाई, कुर्सी, बाल्टी,कपड़ों को पुलिस ने कब्जे में लिया। चौबेपुर के रंचन्दीपुर निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह के ऊपर सारनाथ थाने में वर्ष 2019 में मुकदमा है। न्यायालय से फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर एक माह पूर्व सारनाथ पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा की कार्रवाई की थी।

लाल घाट पर डूबा व्यक्ति
कोतवाली थाना अंतर्गत लाल घाट पर एक युवक की डूबने की सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा कोतवाली थाना अध्यक्ष को दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर एक बजे लाल घाट पर एक युवक स्नान कर रहा था। अचानक स्नान करते-करते गहरे पानी में चला गया। घाट पर बैठे कुछ लोगों को शक हुआ तो मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर गायघाट चौकी इंचार्ज और एनडीआरएफ की टीम को उसके कपड़े मिले लेकिन वह नहीं मिला।

शनिदेव के वार्षिक शृंगार पर हुआ प्रसाद वितरण
पिंडरा बाजार स्थित साव मंदिर पर श्रीशनि देव मंदिर के स्थापना दिवस पर वार्षिक शृंगार और भंडारा हुआ। शनिवार को आयोजित वार्षिक शृंगार व भंडारे में शाम से लेकर देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके पूर्व शनिदेव का सफेद फूलों से शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर मत्था टेका। इस दौरान मुन्नीलाल गुप्ता, कमला गुप्ता, शिवकुमार जायसवाल, पप्पू जायसवाल, मोनू जायसवाल उपस्थित रहे।

क्रिप्टो करेंसी में निवेश करना रिस्की : राममूर्ति
वर्तमान परिदृश्य में जिस व्यक्ति पर कोई उधारी नहीं है, वहीं व्यक्ति सबसे सुखी और सफल इंसान है। यह बातें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसए) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदररमन राममूर्ति ने शनिवार को स्वतंत्रता भवन में कहीं। बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि क्रिप्टो करेंसी नियमों के अधीन नहीं है, ऐसे में इसमें निवेश करना रिस्की हो सकता है। 

कहा कि भारतीय पूंजी बाजार भारत को विकसित राष्ट्र बना सकता है। रोबोवॉर्स में कस्टम-बिल्ट रोबोट्स के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले। बॉस्टेकल चैलेंज ने प्रतिभागियों को एक जटिल भूलभुलैया के माध्यम से रोबोटिक समस्या-समाधान दिया। ड्रोन टेक, एयरोवर्स और स्काईग्लाइड ने एयरोडायनामिक्स, इंजीनियरिंग और नवाचार के अद्भुत प्रदर्शन किया। स्टैंडअप कॉमेडियन मनहर सेठ ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया।

सोमवार को काशी आएगा त्रिवेणी संगम का जल
महाकुंभ के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार ने उन श्रद्धालुओं के लिए संगम का पवित्र जल पहुंचाने का निर्णय लिया है जो किसी कारणवश महाकुंभ में नहीं पहुंच पाए। इसे देखते हुए अग्निशमन के चार टैंकर से संगम का जल काशी आएगा।

सोमवार को संगम का जल आ सकता है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि जल आने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आम जनमानस को पवित्र त्रिवेणी संगम का जल वितरित किया जाएगा। जल आने के बाद सभी को सूचित किया जाएगा कि कहां और कैसे लोगों को जल उपलब्ध होगा।

पूजीपतियों के हित की बात करती है सरकार- योगेंद्र
सपा की महानगर इकाई ने शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अलईपुर में शनिवार को पीडीए पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया। महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हित की बात करती है। पीडीए को एकजुट करना है। इस मौके पर दिलशाद अहमद (ढीलू ), हारुन अंसारी, जाहिद नासिर और रामजी यादव समेत अन्य मौजूद रहे।

जयंती माला ने कथक में उतारी बनारसी ठुमरी
दीनदयाल हस्तकला संकुल में शनिवार को सांस्कृतिक संध्या में पद्मश्री सितारा देवी की पुत्री जयंती माला मिश्रा का कथक हुआ। उन्होंने नृत्य की शुरुआत शिव वंदना से की। इसके बाद पारंपरिक कथक नृत्य और अंत में ठुमरी से समापन हुआ। तबले पर कुशाल कृष्णा, हारमोनियम व गायन पर गौरव कुमार मिश्र ने संगत की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन ललिता मिश्रा ने किया। कलाकारों का स्वागत गोपेश मौर्य ने किया। 

आईएएस ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के टिप्स दिए
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अभ्युदय कोचिंग के बारे में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों को जानकारी दी गई। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीन प्रकाश ने सिविल सेवा की तैयारी से जुड़े टिप्स दिए। उन्होंने डिजिटल बोर्ड के माध्यम से तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को सफलता से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम में गिरीश चंद्र दूबे, अभ्युदय समन्वयक/इंचार्ज अमित श्रीवास्तव, अनिल अंबेडकर, जानकी वर्मा मौजूद रहे।

श्रीरामकृष्ण ने जनसाधारण के सामने रखा भक्ति का वास्तविक रूप
रामकृष्ण अद्वैत आश्रम के स्वामी ईशानंद ने कहा कि भगवान श्रीरामकृष्ण ने भक्ति का वास्तविक स्वरूप जन साधारण के सामने रखा और बुद्धिजीवियों की मान्यता का प्रवाह ही बदल दिया। इसी तथ्य को उन्हें व्यापक भी बनाना था। आस्तिकता की उपासना की यथार्थता का परिचय देकर फिर से भक्ति भावना की यथार्थता सिद्ध करनी थी। यही उन्होंने जीवन भर किया।

वह शनिवार को लक्सा स्थित रामकृष्ण अद्वैत आश्रम में भगवान श्री रामकृष्ण देव की 190वीं शुभाविर्भाव तिथि पर आयोजित धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे। लंदन स्थित वेदांता सोसाइटी के प्रमुख स्वामी दयात्मानंद ने कहा कि साधना के फलस्वरूप श्रीरामकृष्णइस निष्कर्ष पर पहुंचे कि संसार के सभी धर्म सच्चे हैं और उनमें कोई भिन्नता नहीं।

अध्यक्षता करते हुए सेवाश्रम के डॉ. स्वामी ज्ञानस्थानंद ने कहा कि श्रीरामकृष्ण के आध्यात्मिक आंदोलन ने परोक्ष रूप से देश में राष्ट्रवाद की भावना बढ़ाने का काम किया। इसके पूर्व सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद वेद पाठ व उषा कीर्तन किया गया। सुबह छह बजे से स्वामी अलोकानंद ने विशेष पूजा, अभिषेक व हवन किया।

स्वामी शास्त्रविदानंद ने कीर्तन और स्वामी धरणीधरानंद ने श्री रामकृष्ण कथासरोवर पर संगीतमय प्रवचन दिया। धर्मसभा में डाॅ. स्वामी दयापूर्णानंद व आश्रम अध्यक्ष स्वामी विश्वात्मानंद ने विचार व्यक्त किए। संचालन उत्कर्ष चौबे ने किया। मध्याह्न 12 बजे से भोग-प्रसाद में चार हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सामने घाट की एक जांच डीएम कराएंगे, एक विधायक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शनिवार को विधायक सौरभ श्रीवास्तव और डीएम एस राजलिंगम सामने घाट की गुणवत्ता की जांच करने पहुंचे। डीएम के निर्देश पर ड्रिल मशीन से काटकर निर्माण सामग्री निकाली गई। छड़, गिट्टी और ढलाई के लिए प्रयुक्त मसाले के सैंपल लिए गए। एक सैंपल लोक निर्माण विभाग के अभियंता ले गए दूसरा सैंपल विधायक ने स्वयं जांच कराने के लिए ले लिया।

करीब दो महीने पहले सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में कैंट विधायक ने सामने घाट के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि इसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश दिए थे वह खुद उसकी जांच करने जाएं और विधायक को भी लेकर जाएं। शनिवार को दोनों लोग जांच करने पहुंचे। उनके साथ लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंता भी मौजूद रहे। जांच सैंपल को डीएम ने जांच करने के लिए भेजा तो एक सैंपल विधायक ले आए।

उन्होंने कहा कि वह खुद अपने स्तर से जांच कराएंगे। किसी भी विकास कार्य में न गुणवत्ता के साथ समझौता किया जाएगा, न समयबद्धता के साथ। अभियंता और ठेकेदार की जिम्मेदारी है कि तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य का निष्पादन करें। जांच के दौरान स्थानीय पार्षद अमित कुमार सिंह चिंटू आदि मौजूद रहे।

आज दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर रविवार को दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। काशी विद्यापीठ उपकेंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर के 1 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसके चलते आईपी मॉल, विद्यापीठ, लल्लापुरा, छित्तूपुर एवं आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। 

सात दिन में मोबाइल नंबर नहीं अपडेट कराया तो नहीं मिलेगी वाहनों से संबंधित जानकारी
परिवहन विभाग ने सभी कामर्शियल वाहनों जैसे ट्रक, बस, टैक्स, ऑटो के स्वामियों को अपना मोबाइल नंबर परिवहन विभाग में अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया है। यदि सात दिन के अंदर मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हुआ तो संबंधित वाहनों के स्वामियों को फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण, टैक्स आदि जानकारियां नहीं मिल पाएंगी और संबंधिक कार्य भी नहीं हो सकेगा। आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा ने बताया कि सभी व्यवसायिक वाहनों के स्वामियों को मोबाइल नंबर अनिवार्य कर दिया गया है।

वाहन स्वामी आरटीओ में अपडेट करा ले मोबाइल नंबर
परिवहन विभाग द्वारा जनपद के समस्त व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण की जानकारी वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रक, बस, टैक्सी, ऑटो की जानकारी वाहन स्वामी के नबंर पर भेजी जा रही है। 

वाहन से संबंधित किसी भी कार्य के लिए आवेदन करने पर आवेदक के जानकारी एवं स्वीकार्यता हेतु वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाता है। पंजीकृत वाहनों पर एक सप्ताह के अन्दर अपना मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अपडेट करा लें, ताकि समस्त सूचनाएं ,सही समय पर मिल सके। नंबर अपडेट न कराने पर सूचनाएं नहीं मिल पाएगी। जानकारी न मिलने पर विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।

एपीजे अब्दुल कलाम की टीम व प्रिया रही अव्वल
महाराज सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध सगड़ी तहसील क्षेत्र के बाबू शिवपत्तर राय स्मारक महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय शिविर के समापन पर शनिवार को निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता हुई। चित्रकला में एपीजे अब्दुल कलाम टोली ने बाजी मारी। निबंध में प्रिया प्रथम और अर्चना द्वितीय व गौरव मौर्य तृतीय स्नान पर रहे।

उद्घाटन रामनदं सरस्वती पुस्तकालय जोहरा की डायरेक्टर हिना देसाई और महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका राय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नितेश श्रीवास्तव, होशिला प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर डॉ. मनीष कुमार तिवारी, उपेंद्र गोंड, चंदन राय, कार्तिक जायसवाल, पूनम मौर्या, मोहम्मद दिशाद अहमद आदि रहे।

पवन रघुवंशी बने ई-राज्य निर्माण निगम के राज्य सभापति
शासन ने पवन रघुवंशी को ई-राज्य निर्माण निगम की उत्तर प्रदेश इकाई का राज्य सभापति (राज्य अध्यक्ष) नामित किया है। निगम में जिला स्तर पर उपाध्यक्ष और पांच सदस्य होते हैं। वह शपथ ग्रहण कर अपना पदभार ग्रहण करेंगे। उनके सभापति नामित किए जाने पर लोगों ने बधाई दी।

आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर सड़क पर उतरेंगे - डॉ. विरेंद्र विश्वकर्मा
फूलपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर निवासी मंदीप सोनकर को पिटाई के बाद आरोपियों की गिरफ्तार अब तक नहीं हो पाई है। इसको लेकर शनिवार को लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेंद्र विश्वकर्मा ने पीड़ित परिजनों से बात की।

डॉ. विरेंद्र ने कहा कि यदि आरोपित एक हफ्ते के अंदर गिरफ्तार नही हुए तो पार्टी सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों ने बीते दिन मंदीप सोनकर की पिटाई कर दी थी। इस दौरान करिया सोनकर, सेवक पटेल, रमेश विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।

अब 15 से होगी गेहूं की खरीद, पंजीकरण शुरू
गेहूं की खरीद अब 15 मार्च से शुरू होने की संभावना है। इसके लिए फसल तैयार न होने पर शासन ने दो सप्ताह बाद खरीद शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि केंद्रों को सभी तैयारी पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि जिले के 36 क्रय केंद्रों पर एक मार्च से ही खरीद शुरू होनी थी। वहीं, गेहूं बिक्री के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू है।

जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि शुरू से एक मार्च से गेहूं खरीद शुरू होती थी, लेकिन पिछले दो सालों से 15 दिनों तक शून्य खरीद होने पर शासन ने एक मार्च से दो सप्ताह बाद खरीद शुरू करने का निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है।

बोरे, तौल मशीन आदि उपकरण रखे गए हैं। बताया कि इस बार हर ब्लाक में एक मोबाइल क्रय केंद्र भी संचालित होगा। न्यूनतम ममर्थन मूल्य (एमएसपी) 2428 रुपये पर खरीद 15 जून तक होगी। इस बार जिले में 18 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है।

आज बिरज में होली रे रसिया...से सराबोर हुई वरुणा संध्या
वरुणा संध्या में शनिवार को होली का खुमार छाया रहा। छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी आफ इंडिया की ओर से छावनी स्थित नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में श्रेयसी मिश्रा ने गणपति वंदना से नृत्य की शुरुआत की। इसके बाद शिव वंदना नागेंद्रहाराय एवं नमामि गंगे... पेश किया।

अंत में गुलाब की पंखुड़ियों के बीच होली आज बिरज में होली रे रसिया... प्रस्तुत करके माहौल को होलीमय कर दिया। कलाकारों को अजय गुप्ता एवं मूर्तिकार बद्री प्रसाद प्रजापति ने प्रमाणपत्र दिया। धन्यवाद ज्ञापन सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस दौरान तनुज कुमार वर्मा, शुभम जालान, यज्ञदत्त आर्य मौजूद रहे।

एनबीएस पब्लिक स्कूल बीरबलपुर का मनाया गया प्रथम वार्षिकोत्सव
एनबीएस पब्लिक स्कूल बीरबलपुर जौनपुर का प्रथम वार्षिकोत्सव मनाया गया। प्राथमिक स्तर कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा विविध प्रकार के नृत्य, नाटक और संगीत कार्यक्रमों सहित विभिन्न प्रदर्शनों में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर डॉ. गोरखनाथ पटेल, विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी जौनपुर राजीव कुमार पांडेय रहे। 

मुख्य अतिथि ने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का विकास एवं मानवीय संवेदना के विकास पर बल देने की बात कही। पूर्व प्राचार्य डॉ. गौरीशंकर त्रिपाठी ने शिक्षकों को शिक्षण करने के विधियों को विस्तार से समझाया। प्रधानाचार्य रामेश्वर प्रसाद मिश्र ने बच्चों को कड़ी मेहनत एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कार्यक्रम का आभार वासुदेव ग्रुप ऑफ एजूकेशन ट्रस्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रेयांश सिंह ने व्यक्त किया।

आय आधारित राष्ट्रीय योग्यता परीक्षा में क्वींस इंटर कॉलेज के कार्तिक पास
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में राजकीय पीएमश्री क्वींस इंटर कॉलेज के 129 अंक हासिल कर चौथा यैक हासिल किया है। इसी क्रम में बच्छाव गांव के तरुण कुमार पटेल ने 113 अंक के 15वां रैंक, रूपाली यादव 92 अंक प्राप्तकर 36वां रैंक, खुशी शर्मा और रिया शर्मा ने 89 अंक हासिल कर 39वां रैंक, वैभव ने 51वां हासिल किया।

काशी विद्यापीठ में अगले महीने से होंगी पुराने पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों के बीएड और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम सत्र 2020-21 से 2023-24 (4 वर्ष) के सभी सेमेस्टरों की परीक्षाएं अप्रैल से करवाई जाएंगी। 20 मार्च तक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय और संबद्ध वाराणसी, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 

बीएड, स्नातकोत्तर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा सत्र 2020-21 से 2023-24 के अंतराल के नियमित छात्र-छात्राओं के बैक परीक्षा का आवेदन पत्र 20 मार्च तक भरा जाएगा। 

उप कुलसचिव परीक्षा आनंद कुमार मौर्य ने बताया कि छात्रों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी महाविद्यालय/संबंधित विभाग/संबंधित परिसर में 22 मार्च तक जमा करना होगा। सत्र 2020-21 से 2023-24 तक के बीएड और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए अंतिम मौका दिया गया है। जो छात्र परीक्षा आवेदन पत्र भरकर जमा कर चुके हैं, उन्हें परीक्षा फॉर्म और शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

काशी विश्वनाथ धाम में 20 मार्च से होगा मानस नवाह्न पारायण
श्री काशी सत्संग मंडल की ओर से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण 20 से 29 मार्च तक होगा। ज्ञान महायज्ञ के 67वें वर्ष के आयोजन को भीड़ के कारण निरस्त कर दिया गया था। मंदिर प्रशासन ने आयोजन के लिए अनुमति पत्र जारी कर दिया है। यह जानकारी श्री काशी सत्संग मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पाठक ने दी।

20 मार्च को अष्टधातु से बनी श्रीराम दरबार की मूर्ति स्थापना श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनि मंदिर के नजदीक होगी। 21 मार्च को सुबह आठ बजे शृंगार गौरी व नंदी महाराज के दर्शन-पूजन और परिक्रमा के साथ श्रीरामकथा का उद्घाटन होगा। 22 मार्च को श्रीराम जन्मोत्सव (चार पटाखा ध्वनि के साथ), 23 मार्च को श्रीराम विवाह उत्सव (आठ पटाखा ध्वनि के साथ), 28 मार्च को राम-रावण युद्ध (एक पटाखा ध्वनि के साथ), 29 मार्च को राम राज्याभिषेक (11 पटाखा ध्वनि के साथ) होगा।

शाम को मां शृंगार गौरी के पास 21 हजार दीप जलाए जाएंगे। नौ दिनों तक सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक संगीतमय रामचरितमानस नवाह्न परायण 111 ब्राह्मणों द्वारा होगा। शाम सात बजे से रात 11:30 तक श्रीराम कथा, रात 11:45 पर राम दरबार की आरती होगी।

30 मार्च को सुबह नौ बजे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर धाम से ढोल, नगाड़ा, बैंड बाजा के साथ शोभायात्रा निकलेगी। सभी कार्यकर्ता भूदेव शोभायात्रा में शामिल होंगे। सड़क मार्ग से मार्कंडेय महादेव कैथी के पास मारुति गोशाला पर शोभायात्रा समाप्त होगी और भंडारा होगा।

सोशल मैनेजमेंट को बेहतर करने की सीख
महाराज बलवंत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजातालाब परिसर में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजय पासवान ने सोशल मैनेजमेंट, अन्त्योदय मॉडल, मेरा गांव मेरा देश, ग्रामीण संपन्नता की बात उठाई। कहा कि शिक्षकों को तो ईमानदारी से स्कूलों में कक्षाएं लेनी चाहिए। गांव हमारी जड़ हैं उसकी मजबूती ही इंसान का भविष्य तय करेगी। 

समाजशास्त्र विभाग और आईसीएसएसआर द्वारा 21वीं सदी में ग्रामीण भारत : पुनर्निर्माण और रूपांतरण' विषय पर द्वि-दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। प्रो. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति, भारत का विज्ञान किसी ने सुरक्षित रखा है तो ग्रामीण भारत ने। विद्यापीठ के प्रो. वंशीधर पांडेय ने ग्रामीण भारत के प्रभुत्व, शोषण और संघर्ष की चर्चा की। राष्ट्रीय संगोष्ठी में कई विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 500 प्रतिभागी उपस्थित रहे।

उकथी में विकास कार्यों की जांच फिर शुरू
चिरईगांव के उकथी में हुए विकास कार्यों की जांच लगातार जारी है। शनिवार को तीन सदस्यीय टीम पांचवी बार जांच करने पहुंची और सभी बिंदुओं का स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट बनाई। जांच टीम ने बताया कि कुछ अभिलेख अधूरे हैं, उन्हें दो दिनों में पूरा कर देने की बात कही गई है। 

आठ मार्च को दिव्यांगों को मिलेंगे उपकरण
भारत विकास परिषद वरुणा सेवा संस्थान (ट्रस्ट) और बिड़ला अस्पताल की ओर से दो दिवसीय दिव्यांग शिविर में आठ मार्च से शुरू होगा। संस्थापक अध्यक्ष रमेश लालवानी ने बताया कि शिविर में दिव्यांगों को बैटरी से संचालित हाथ दिए जाएंगे। वे मोबाइल नंबर 7398302132, 9795451111, 9554744440 पर अपना फोटो, आधार कार्ड देकर पंजीकरण करा सकते हैं। इसका लाभ पूर्वाचल भर के दिव्यांग ले सकते हैं।

महेश्वर महादेव व भौजाल हनुमान की हुई प्राण-प्रतिष्ठा
महेशपुर मार्ग से हटाए गए महेश्वर महादेव और भौजाल संकट हरण हनुमान मंदिर के पुनर्स्थापना पर शनिवार को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शक्तिपुरम कॉलोनी (भिटारी रोड) में संपन्न हुआ। आचार्य श्रीधर उपाध्याय के आचार्यत्व में नवग्रह पूजन, सुंदरकांड का पाठ आदि अनुष्ठान हुए।

महेश्वर महादेव और भौजाल संकट हरण हनुमान जी की विधिवत स्थापना हुई। मंदिर में मां पार्वती, मां लक्ष्मी और गणेश जी के विग्रहों को स्थापित कर पूजन-अर्चन हुआ। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रीधर उपाध्याय ने बताया कि मंदिर में मां दुर्गा की भी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सात मार्च को शोभायात्रा निकाली जाएगी। 

अवैध निर्माण, प्लॉटिंग के खिलाफ की कार्रवाई
वार्ड-दशाश्वमेध में रहमान अली भवन संख्या, 35/66-B-1 पर वीडीए ने सीलिंग की कार्रवाई की। यहां 1200 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र पास कराए भूतल पर निर्माण कार्य हो रहा था। यहां सीलिंग की कार्रवाई की गई। रामनगर प्रकृति नगर कॉलोनी करीब 1000 वर्गमीटर में बिना ले-आउट पास कराए अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। वीडीए की टीम ने ध्वस्तीकरण कर सीलिंग की कार्रवाई की और कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी की।

बीजेपी किसान मोर्चा के पदाधिकारी बने पोस्ट डॉक्टोरल फेलो
बीएचयू के पूर्व छात्र डॉ. कुंवर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह का चयन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, शिक्षा मंत्रालय के पोस्ट डॉक्टोरल फेलो के तौर पर हुआ है। डॉ. सिंह भाजपा किसान मोर्चा, यूपी के सह सोशल मीडिया प्रभारी भी हैं।

उनकी शोध का विषय 'ए क्रिटिकल अप्रेजल ऑफ इम्पैक्ट ऑफ इंडियन मास मीडिया ऑन सोसायटी एंड आइडेंटिफिकेशन ऑफ प्राइम पैरामीटर्स ऑफ पॉजिटिव कम्युनिकेशन' था। अब कैंपस के राजनीतिक विज्ञान विभाग के प्रो. हेमंत कुमार मालवीया के निर्देशन में इसे पूर्ण करेंगे।

धोखाधड़ी के मामले में पूर्व पार्षद दोषमुक्त
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रजत वर्मा की कोर्ट ने नगर निगम कर को क्षति पहुंचाने के मामले में आरोपी पूर्व पार्षद मिथलेश राय को बरी कर दिया है। साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ मिला।

अभियुक्त मिथिलेश कुमार राय पर आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर वर्ष 1992 में नगर महापालिका की कार्यकारिणी उपसमिति के सदस्य के पद पर रहते एक भवन का कपटपूर्वक गलत अभिलेख तैयार किया। भवन स्वामी को लाभ देते हुए वाणिज्यिक भवन को रिहायशी के रूप में मूल्यांकन कर नगर महापालिका को क्षति पहुंचाया।

गैंगरेप मामले में आरोपी को मिली जमानत
एक गैंगरेप मामले में आरोपी को जमानत मिल गई है। युवती को गेस्ट हाउस में बुलाकर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर गैंगरेप करने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट मनोज कुमार की अदालत ने सुंदरपुर, लंका निवासी आरोपित अंकित राय को एक-एक लाख रुपए की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। बलिया की रहने वाली पीड़िता ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

एक प्राइवेट हास्टल में रहकर नीट की तैयारी करती है। आरोप लगाया था कि उसके जान-पहचान के युवक अंकित ने बहला-फुसलकार पहले नशीला पदार्थ खिलाया, फिर अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। साथ ही उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। 

जुबिन नौटियाल 8 मार्च को आईआइटी-बीएचयू में
बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध सिंगर जुबिन नौटियाल 8 मार्च को आईआइटी-बीएचयू आएंगे। एडीवी ग्राउंड में शाम को 7 बजे से 20 हजार छात्र और छात्राओं के सामने प्रस्तुति देंगे। काशीयात्रा का इवेंट 7 से 9 फरवरी तक होगा। इसमें, म्यूजिक, डांस के साथ ही कई प्रस्तुतियां होंगी। काशीयात्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया है। इस ऑफर किया है कि यदि किसी को जुबीन से अपना फेवरेट गाना सुनना है तो कॉमेंट बॉक्स में कमेंट करे।
विज्ञापन

हरिश्चंद्र घाट पर धूप से बचने के लिए स्टोल ओढ़कर बैठा परिवार - फोटो : अमर उजाला
दिन का पारा 2.4, रात का समान्य से 5 डिग्री ऊपर
मार्च शुरू होते ही गर्मी का असर दिखने लगा है। शनिवार को दिन का पारा सामान्य से 2.4 डिग्री तो रात का पारा 5 डिग्री तक ज्यादा रहा। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री ऊपर 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

सुबह से ही हवा 7-8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही। बादल भी छाए। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम साफ होगा और गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। 

उन्होंने बताया कि इससे वाराणसी का फरवरी महीना प्रदेश में सबसे गर्म रहा। औसत मासिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर 30.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ये सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा था। वहीं फरवरी की आखिरी रात का पारा 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें