सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। महाकुंभ के पलट प्रवाह से भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने आ रहे हैं। इसे देखते हुए रविवार को डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की।
कहा कि कमिश्नरेट की पुलिस आपकी सहायता के लिए सड़क पर तत्पर मिलेगी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के हुजूम को देखते छात्र-छात्राएं अतिरिक्त समय लेकर घर से परीक्षा सेंटर के लिए निकलें। बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक सेंटर पर पुलिस तैनात की गई है। फील्ड में तैनात पुलिस कर्मियों को कहा गया है कि वह छात्र-छात्राओं को देखें तो तत्परता के साथ उनकी मदद करें।
मंदिर में तोड़फोड़, महंत को मारने के लिए दौड़ाया
रामघाट स्थित राम जानकी मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ और महंत को जान से मारने के लिए दौड़ाने के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रस्टी अनुराग सिंघल के अनुसार पड़ोस में रहने वाले जय, अजय, सचिन और कैलाश अवस्थी ने मंदिर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ किया और वर्षों पुराना शालिग्राम उठा ले गए। यह चारों भाई हैं। जब मंदिर के महंत ने चारों का विरोध किया तो सभी उन्हें जान से मारने के लिए दौड़ा आई।
मायके के गहने पति सट्टे में हारा, अब दहेज उत्पीड़न
फुलवरिया कुम्हारपुरा की रहने वाली एक विवाहिता ने कैंट थाने में दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विवाहिता का आरोप है कि उनका पति मायके से मिले उनके गहने सट्टा में हार गया है।
स्मृति सिंह के अनुसार उनका विवाह वर्ष 2008 में फुलवरिया कुम्हारपुरा निवासी मृत्युंजय सिंह के साथ हुआ था। उनका पति सट्टे में उनके काफी गहने दांव पर लगा कर हार चुका है। पति की करतूत का विरोध करने पर सास निर्मला सिंह, जेठ रोहित सिंह और जेठानी अमृता सिंह उन्हें व उनकी बेटी के साथ मारपीट करती हैं।
मजदूरी के 3.22 लाख रुपये मांगे तो की मारपीट
शिवपुर के बड़ालालपुर निवासी रंगाई-पुताई का काम करने वाले सदानंद की तहरीर पर शिवपुर थाने में मारपीट सहित अन्य आरोपों और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदानंद ने पुलिस को बताया कि वह मकान में पेंट करने का काम करता है। देवपुरम काॅलोनी निवासी अजय दीक्षित 4 जून 2024 की शाम उसे अपने मकान में प्लास्टिक पेंट और पॉलिश का काम करने के लिए बोले। मजदूरी 4,97,523 रुपये तय हुई। उन्होंने लगभग डेढ़ लाख रुपये से कुछ ज्यादा दिया। इसके बाद 3,22,523 रुपये बकाया हो गया।
युवकों के दो गुटों के बीच विवाद, फूंक दी बाइक
शिवपुर के लक्ष्मणपुर, तुलसी विहार कॉलोनी के समीप रविवार की शाम युवकों के दो गुट में विवाद हो गया। इसे लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की एक बाइक में आग लगा दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष के युवक भाग निकले थे। पुलिस जली हुई बाइक कब्जे में लेकर शिवपुर थाने ले गई है। शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि अभी शिकायत नहीं मिली है।
खाते से 50 हजार रुपये उड़ाए
इंद्रा नगर कॉलोनी, टकटकपुर निवासी अनिल कुमार सिंह ने 50 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायत कैंट थाने में की है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। अनिल के अनुसार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की भोजूबीर शाखा में उनका खाता है। गत 7 फरवरी को उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिया गया।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
रावतपुर पुलिस ने वाराणसी के थाना कपसेठी क्षेत्र के नवादा सेवापुरी गांव निवासी दुष्कर्म के आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। विकास पर क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
बंद क्रॉसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया, मौत
सारनाथ के हिरामनपुर की बंद रेलवे क्राॅसिंग पार करने के दौरान 50 वर्षीय दुकानदार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हिरामनपुर के 50 वर्षीय पारस नाथ पटेल उर्फ घासी शनिवार की रात पतेरवा स्थित अपनी कॉस्मेटिक की दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे थे। लगभग 10 बजे हिरामनपुर की बंद रेलवे क्राॅसिंग पार करने के दौरान अमृतसर से डिब्रूगढ़ जाने वाली तिनसुकिया एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उनके एक पुत्र और चार पुत्रियां है। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, केस
सारनाथ के लेढ़ूपुर इलाके में बालू लादे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल युवक की उपचार के दौरान बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के सात दिन बाद रविवार को उसके पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बलिया के रसड़ा थाने के बालीपुर गांव के मूल निवासी बृजेश तिवारी लेढ़ूपुर में शिवम सिंह के मकान में किराये पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गत आठ फरवरी को उनका पुत्र विनीत कुमार तिवारी (20) लेढ़ूपुर पंचायत भवन के सामने बाइक खड़ा किया।
ग्राहक सेवा केंद्र से 76 हजार रुपये लेकर भागने वाले 3 बदमाश पकड़े गए
चौबेपुर थाना क्षेत्र के आजाद चौराहा स्थित ग्राहक सेवा केंद्र से 76 हजार रुपये लेकर भागने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान सलारपुर के विशाल गुप्ता, रसूलगढ़ के मनीष गोड़ और सूजाबाद बंधा रोड निवासी सूरज गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों के पास से 15720 रुपये, वारदात में प्रयुक्त बाइक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल बरामद किया गया है।
परनापुर गांव की रहने वाली नीलम कुमार की तहरीर पर चौबेपुर थाने में गत पांच फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया था। एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि इंस्पेक्टर चौबेपुर जगदीश कुशवाहा ने अपनी टीम के दरोगा टुन्नू सिंह व दुर्गेश मिश्रा की टीम के साथ सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। तीनों युवकों को चिह्नित कर उन्हें बलुआ रोड से गिरफ्तार किया गया है। विशाल के खिलाफ पहले से जौनपुर में आर्म्स एक्ट और चोरी के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं।
घायल युवक को पुलिस ने उठा कर पहुंचाया अस्पताल
दशाश्वमेध घाट के पास मध्य प्रदेश के जबलपुर से आए राहुल यादव के पैर में रविवार को चोट लग गई। पैर से खून बहने के कारण राहुल चल-फिर पाने में असमर्थ दिखे। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने एंबुलेंस बुलवाई, लेकिन उसे आने में विलंब होने लगा। खून बहते देख एडीसीपी काशी जोन ने राहुल का प्राथमिक उपचार कराया। हेड कांस्टेबल कृष्णा पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों से राहुल को उठाकर मारवाड़ी अस्पताल पहुंचाया।
महाकुंभ में बिछड़ी महिला को परिजनों से मिलवाया
प्रयागराज महाकुंभ में परिजनों से बिछड़ कर ओडिशा की एक वृद्ध भटकते हुए मिर्जामुराद क्षेत्र पहुंच गई। लोगों ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ओडिशा की पुलिस से संपर्क किया। वृद्धा का बेटा आकर उन्हें अपने साथ ले गया। ओडिशा के मलकानगिरी जिले के चित्रांगकली गांव से गत 7 फरवरी को जमुना मंडल (65) प्रयागराज आई थीं। महाकुंभ में वह अपने परिजनों से बिछड़ गईं।
कैंट स्टेशन पर यात्री का मिला शव, शिनाख्त नहीं
कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी ने यात्री का शव बरामद किया। आसपास से एक झोला मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
वरुणा कॉरिडोर में युवक का शव मिला
लालपुर पांडेयपुर थाने के हुकुलगंज क्षेत्र की राज कॉलोनी के पीछे वरुणा काॅरिडोर में रविवार को एक युवक का शव उतराया मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान पुलिस नहीं करा सकी है। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ 20 को करेंगे प्रदर्शन
अपना दल कमेरावादी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को मीरापुर बसही स्थित जिला कार्यालय पर हुई। इसमें बीते शनिवार को शांति भंग की आशंका में पूर्व मेयर प्रत्याशी हरीश मिश्रा को जेल भेजे जाने के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
यह तय किया गया कि सोमवार को उच्चाधिकारियों से मिलकर रिहाई की मांग करेगा। यदि उनकी रिहाई नहीं की जाती है तो 20 जनवरी को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश पटेल मौजूद रहे।
200 व्यापारियों के स्वास्थ्य का हुआ नि:शुल्क परीक्षण
काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल और निजी अस्पताल की ओर से रविवार को नटिनियादाई स्थित लॉन में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। इसमें 200 से अधिक व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने सेहत की जांच कराई। इस दौरान उन्हें दवाएं वितरित की गईं। उद्धाटन शिविर के संरक्षक डॉ. एपी सिंह, डॉ. प्रशांत पांडेय ने किया। शिविर में संरक्षक राजेश श्रीवास्तव, संयोजक शरद वर्मा, अध्यक्ष पंकज सिंह, अभिषेक उपाध्याय, पीके यादव, राधेश्याम गोंड आदि रहे।
एंबुलेंस में मरीजों को प्राथमिक उपचार मिलना जरूरी
वाराणसी मंडल में संचालित 108 और 102 एंबुलेंस में सेवा देने वाले इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) को घटनाओं के समय एंबुलेंस से मरीज को अस्पताल ले जाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर आधारित प्रशिक्षण दिया गया।
लखनऊ से आए ट्रेनर मनोज ने लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर में गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र से आए ईएमटी को प्राथमिक उपचार की विधियों के बारे में बताया। कहा कि एंबुलेंस में मरीज को जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन, मलहम पट्टी करने के साथ ही सीपीआर के बारे में भी पूरी जानकारी जरूरी होती है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक विजेंद्र, जिला प्रभारी कृष्णा आदि मौजूद रहे।
स्कूल सेफ्टी एक्ट लागू करने सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा
प्राइवेट स्कूल संघ की रविवार को चांदपुर स्थित सरस्वती महिला महाविद्यालय तीसरे वार्षिक की बैठक हुई। इसमें विद्यालयों को किसी भी प्रकार के सरकारी टैक्स या फिर काॅमर्शियल श्रेणी से बाहर रखने पर चर्चा हुई। सदस्यों ने मांग की है कि आरटीई की शुल्क प्रतिपूर्ति दर 450 रुपये से बढ़ाकर कर 2000 रुपया प्रति माह की जाए।
स्कूल सेफ्टी एक्ट को अमल में लाने को लेकर चर्चा हुई। अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिलों से 1100 से ज्यादा विद्यालयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के प्रतिनिधि डॉ. नरेंद्र पटेल के माध्यम से विधानसभा में मुद्दा उठाने का ज्ञापन सौंपा।
प्रह्लाद घाट में सपा ने की पीडीए पर चर्चा
समाजवादी पार्टी की ओर से शहर दक्षिणी के सेक्टर नंबर 55 प्रह्लाद घाट में पीडीए पर चर्चा का आयोजन किया गया। इसमें महानगर अध्यक्ष दिलीप डे की अगुवाई में वक्ताओं ने कहा कि इस देश में संविधान को कमजोर करने के लिए सरकार प्रयासरत है। उनके इरादे को समझने के लिए पीडीए समाज को सचेत किया गया। इसमें अजहर अली सिद्दीकी, किशन दीक्षित, प्रदीप जायसवाल, अजय चौरसिया रवि यादव कल्लू, सन्नी राय, अब्दुल कलाम आदि मौजूद रहे।
झाड़ू लगाने पर चले लाठी-डंडे, 12 घायल
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे में रविवार की सुबह विवादित जमीन में झाड़ू लगाने पर विवाद हो गया। इसके बाद जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से भाजपा नेता समेत पांच लोग और दूसरे पक्ष से सात लोग घायल हुए हैं।
उमाशंकर पटेल और चंद्रबली पटेल के बीच जमीन का विवाद है। मारपीट में एक पक्ष से उमाशंकर पटेल, उनके दिव्यांग भाई कमला शंकर पटेल, पत्नी भगवती, बृजेश पटेल, राधिका और रोशनी घायल हुई है। दूसरे पक्ष से इंद्रबली, राहुल, विवेक, गुड्डी, सुशीला, सीता और प्रियंका घायल हुई है। चंद्रबली के भतीजे गुड्डू पटेल ने तहरीर देकर मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, उमाशंकर पटेल घायल परिजनों का उपचार कराने के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में थे। इस वजह से उनकी ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
हादसे में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थान पर सड़क हादसे में घायल दो लोगों की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। दोनों मामलों को लेकर मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।खोचवा गांव में नेशनल हाईवे पर बीते 12 फरवरी की देर रात भदोही के पिलखिनी गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता कृष्ण मुरारी ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा 13 फरवरी की रात महाकुंभ स्नान के लिए सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज थाने के ओरगाई गांव की नीतू पांडेय अपने करीबियों के साथ ऑटो से जा रही थीं। कछवा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने एक अन्य वाहन की टक्कर से घायल नीतू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ससुराल में एसी मैकेनिक ने फंदा लगाकर जान दी
सारनाथ के कोटवां गांव स्थित ससुराल में बंद पड़ी एक फैक्ट्री के टिनशेड के एंगल के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर एसी मैकेनिक ने जान दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर रविवार की सुबह सारनाथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से शराब की खाली बोतल, बैग और बाइक मिली। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जौनपुर जिले के थानागद्दी क्षेत्र के बहरा का रहने वाला शीशवल निषाद (24) एक महीने से कोटवां गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। ससुर रमेश साहनी ने बताया कि उनकी बेटी सुंदरी की शादी पांच साल पहले शीशवल के साथ हुई थी। दोनों की दो वर्ष की एक बेटी है। रमेश साहनी ने बताया शीशवल पिछले एक माह से ससुराल में रहकर एसी बनाने का काम करता था। वह शराब पीने का आदी था और इधर दो दिन से काम पर जाना फिर शुरू किया था।
18 को कार्यकारिणी 23 को सदन की बैठक
नगर निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर कार्यकारिणी और सदन में चर्चा की जाएगी। इसके लिए बैठक की तारीख तय कर दी गई है। 18 फरवरी को नगर निगम में कार्यकारिणी और 23 फरवरी को टाउनहाॅल में सदन की बैठक होगी। इसमें नगर निगम और जलकल के बजट पर चर्चा की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि नगर निगम का 1215 करोड़ और जलकल का 248 करोड़ का बजट पास होगा।
सोमवार को आएंगे खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव
प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव सोमवार को काशी आएंगे। वे यहां तीन खेल आयोजनों में हिस्सा लेंगे। सुबह बीएचयू में आयोजित मोहम्मद शाहिद स्मृति राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आगाज करेंगे। इसके बाद वे सिगरा स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का आगाज करेंगे। इसके बाद यहां आउट डोर में खेली जा रही टी-10 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे।
बनारस होकर गुजरेंगी 21 स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से 21 स्पेशल ट्रेनें आवाजाही करेंगी। सोमवार को 07108 बनारस-विजयवाड़ा मेला स्पेशल बनारस से शाम 5.30 बजे, 09556 बनारस-भावनगर टर्मिनस मेला शाम 7.30 बजे जाएगी। इसके अलावा गोरखपुर, छपरा, बलिया से भी ट्रेनें महाकुंभ के लिए आवाजाही करेंगी। इसके अलावा 04111, 04112, 04113, 04114, 04120, 05101, 05102 व 05104 रिंग रेल चलाई जा रही हैं। रविवार की शाम 4 बजे तक पूर्वोत्तर रेलवे से 29 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन हुआ।
बीएचयू : 20 फरवरी तक फीस वापसी का मौका
बीएचयू में सत्र 2024-25 में प्रवेश न पाने वाले जिन अभ्यर्थियों की फीस वापस नहीं हुई है, उन्हें दोबारा मौका दिया गया है। शुल्क वापसी के लिए पोर्टल 20 फरवरी तक खोल दिया गया है। बीएचयू के सेंट्रल एडमिशन कमेटी की ओर से सूचित किया गया है कि समर्थ पोर्टल पर कई अभ्यर्थियों ने बैंक खाते का गलत विवरण दे दिया है, जिससे ट्रांजेक्शन फेल हो गया था। ऐसे में अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे वेबसाइट https://dev.bhu.ac.in/Login/VerifyStudent लिंक खोलें और अपने बैंक खाते का सही डिटेल दें।
विद्यापीठ में मनोविज्ञान विभाग में आज शोध साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में सत्र 2022-23 की शोध परीक्षा के परिणाम में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का शोध साक्षात्कार 17 फरवरी को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि सुबह 11.30 बजे से विभाग में होने वाले साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने शोध विषय पर पॉवर पाॅइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) की तैयारियों के साथ उपस्थित होना है। इस बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से प्राप्त की जा सकती है।
बलदेव पीजी कॉलेज के आधुनिक सभागार का लोकार्पण
बलदेव पीजी कॉलेज के परिसर में रविवार को स्वर्गीय शिवमोहन लाल की स्मृति में बने आधुनिक सभागार का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि एक कंपनी के सीईओ व संस्थापक भावेश अग्रवाल और भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह रहे।
कंपनी के सीईओ ने वाराणसी में संस्कृत शिक्षा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से और बेहतर बनाने की इच्छा जताई। पिंडरा विधायक ने कहा बलदेव वैध की यशस्वी परंपरा को आगे बढ़ते देखना सुखद है। कॉलेज के प्रबंधक डॉ. एसडी अग्रवाल, पिंडरा एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, प्राचार्य डॉ. रविंद्र द्विवेदी, कार्यालय अधीक्षक आलोक चौबे आदि उपस्थित रहे।
कृष्णा मिस्टर फ्रेशर, मानसी बनीं मिस फ्रेशर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच फ्रेशर्स और फेयरवेल पार्टी मनाई गई। ललित कला विभाग में आयोजित कार्यक्रम में नवागत छात्रों का स्वागत किया गया, जबकि अंतिम वर्ष के छात्रों को यादगार विदाई दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्र के अलावा गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य आदि की प्रस्तुति की।
प्रस्तुतियों के आधार पर कृष्णा मिस्टर फ्रेशर और मानसी पांडेय मिस फ्रेशर चुनी गईं। दूसरी ओर आकाश दुबे मिस्टर फेयरवेल और शिवांशिका वर्मा मिस फेयरवेल चुनी गईं। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए जीवन में सफलता की कामना की। संचालन शिवा त्रिपाठी व साक्षी जायसवाल ने किया। इस दौरान डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद, डॉ. रामराज, डॉ. मदन प्रसाद गुप्ता, डॉ. स्नेहलता कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन, विश्वनाथ धाम, घाट पर 28 फरवरी तक चलेंगे हेल्थ बूथ
कैंट रेलवे स्टेशन, काशी विश्वनाथ धाम, चितरंजन पार्क, कोतवाली थाना और गंगा घाटों पर बनाए गए हेल्थ बूथ की सेवा का लाभ फरवरी भर लोगों को मिलेगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की देर शाम हुई घटना और काशी में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
रविवार को शहर में अलग-अलग जगहों पर बनाए गए हेल्थ बूथ पर 300 से अधिक लोगों ने प्राथमिक उपचार करवाया। इसमें 50 से अधिक महिलाएं रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थापित हेल्थ बूथ पर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं।
इसके अलावा गोदौलिया, कैंट रेलवे स्टेशन, सिटी रेलवे स्टेशन, हरहुआ पर 108 नंबर की एंबुलेंस को 24 घंटे खड़ा किया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष राय ने बताया कि हेल्थ बूथ पर प्राथमिक उपचार के बाद अगर जरूरत पड़ रही है तो 108 नंबर की एंबुलेंस से लोगों को मंडलीय/दीनदयाल असपताल भिजवाया जा रहा है।
बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा ने अच्छे समाज को गढ़ने में जान लगा दी
सपा की ओर से रविवार को शिवपुर विधानसभा के पिसौर, दनियालपुर मौर्या बस्ती में बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि इन्हें बिहार के लेनिन के नाम से जाना जाता है। इन्होंने एक अच्छे समाज को गढ़ने में जान लगा दी थी।
उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जो पीडीए समाज के उत्थान के लिए वीणा उठाया है, उसे मजबूत करना होगा। जब तक पीडीए के लोग आपस में एक जगह बैठकर भाईचारा नहीं बनाएंगे तब तक कोई हक अधिकार मिलने वाला नहीं है।
सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि जगदेव प्रसाद एक निडर और साहसी योद्धा थे। इस मौके पर पार्षद गोविंद पटेल, हीरालाल मौर्या, उमेश प्रधान, अक्षय प्रधान, पार्षद संजय यादव, मंजेश सरोज, रामविलास मौर्य आदि मौजूद रहे।
गुलाबजान एवं अन्य कहानियां का हुआ लोकार्पण
आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रभाशंकर शुक्ल की पुस्तक गुलाबजान एवं अन्य कहानियां का रविवार की शाम आईएमए लहुराबीर में लोकार्पण हुआ। लोकार्पण मुख्य अतिथि डॉ. कमलाकर त्रिपाठी, प्रो. राममोहन पाठक और डॉ. अत्रि भारद्वाज ने किया। प्रो. राममोहन पाठक ने कहा कि पुस्तक में लेखक ने कहानियों के शिल्प और उसमें व्याप्त संवेदना को रेखांकित किया है।
अतिथियों का स्वागत आईएमए अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह ने किया। संचालन आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आलोक भारद्वाज और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरुण त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में डाॅ. एसएस पांडेय, डॉ. आरएन बाजपेई, डा. संजय राय, डॉ. अशोक राय आदि मौजूद रहे।
नावों पर सवार श्रद्धालु लाइफ जैकेट जरूर पहनें
नमामि गंगे गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने रविवार को घाटों पर श्रद्धालुओं से अपील की है कि नावों पर बैठते समय लाइफ जैकेट जरूर पहनें। अधिक भीड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। गंगा किनारे की स्वच्छता का विशेष ख्याल रखें। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, पायल त्रिपाठी, सौम्य चौरसिया आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
प्रेमचंद की पत्नी से पति का किया कहानी पाठ
प्रेमचंद स्मारक स्थल लमही में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सुनो मैं प्रेमचंद कहानी पाठ का 1462 दिन पूरे हो गए। रविवार को प्रेमचंद की कहानी पत्नी से पति का पाठन वरिष्ठ कवयित्री बीना त्रिपाठी ने किया। ट्रस्ट के संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद, डाॅ. संजय श्रीवास्तव और निदेशक राजीव गोंड ने उनका सम्मान किया। इस अवसर शिवकुमार, रोहित गुप्ता, अजय यादव, संजय श्रीवास्तव, राहुल विश्वकर्मा, राहुल यादव, सुजीत सिंह आदि ने कहानी सुनी।
हासानंद बदलानी बने अध्यक्ष, महामंत्री सुरेश
सिंधी सेंट्रल पंचायत वाराणसी का दायित्व ग्रहण समारोह रविवार को झूलेलाल मंदिर में हुआ। अध्यक्ष पद पर हासानंद बदलानी चुने गए। महामंत्री सुरेश वाध्या, कोषाध्यक्ष राजेश तलरेजा बने। पंडित जय प्रकाश महाराज ने समारोह संपन्न कराया। संचालन दिलीप तुलसयानी व रवि सेहता ने किया। इस मौके पर संरक्षक एस कुमार सुखवानी, नरोत्तम सुखवानी, दिलीप मोटवानी, कुमार सचदेवा, हरीलाल लखमानी, ललित सराफ, प्रकाश लख्मानी, राजेश रूपेजा आदि मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
यूपी कॉलेज में एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। भोजूबीर में लगे जाम को खाली कराया। ट्रैफिक पुलिस की मदद से सभी चौराहों और मार्ग किनारे खड़े वाहनों की पार्किंग कराई। गलत साइड में चलने वाले यात्रियों को नियम के अनुसार बाईं लेन में भेजा गया। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह की अगुवाई में श्रद्धालुओं को पानी-बिस्किट का वितरण भी किया गया।
शायर व उर्दू साहित्यकार शाद अब्बासी का निधन
उर्दू साहित्यकार और शायर अबुल कासिम शाद अब्बासी का रविवार की सुबह 10 बजे निधन हो गया। उनकी उम्र 88 वर्ष थी। उन्हें देर शाम मालती बाग रेवड़ी तालाब कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके निधन पर मुफ्ती ए बनारस मौलाना अब्दुल बातीन नोमानी, बीएचयू उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रो. आफताब अहमद अफाकी, जमीयत उलेमा जिला बनारस के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह नासिर, सामाजिक संस्था सुल्तान क्लब के अध्यक्ष डॉ. एहतेशामुल हक, डॉ. एम अकबर, उर्दू बीटीसी टीचर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी जफर अंसारी, जमीअतुल अंसार के जनरल सेक्रेटरी इशरत उस्मानी समेत कई ने शोक व्यक्त किया। कहा कि आखिरी सांस तक शाद अब्बासी ने उर्दू शिक्षा के लिए काम किया। उनके निधन से उर्दू की दुनिया को बड़ा नुकसान हुआ है।
बीएचयू की शैक्षणिक उत्कृष्टता बढ़ाने पर मंथन
बीएचयू के पुरातन छात्र समागत में पूर्व छात्रों ने कैंपस के शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ाने पर मंथन किया। इसके लिए पूर्व छात्रों को अपने संस्थान से दोबारा जुड़ने, अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करने और विभाग के शैक्षणिक और फील्डवर्क कार्यक्रमों को मजबूत करने की बात कही गई।
बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के समाजशास्त्र विभाग की ओर से 'विकास और असंतोष: आज के समाज कार्य की भूमिका' विषय पर आयोजित समारोह में समाज कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। प्रो. सीडी अधिकारी ने कहा कि ये समारोह हमारे अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि भारत में समाज कार्य के भविष्य की दिशा निर्धारित करने का अवसर भी है। हमारे पूर्व छात्र और संकाय सदस्य समाज में सार्थक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
त्रिदेव मंदिर में 601 कन्याओं का पूजन
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड का रविवार को सातवां स्थापना दिवस मनाया गया। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से मंदिर के तीनों देव विग्रहों की फूलों से झांकी सजाई गई।
भक्तों ने राणी सती, सालासर हनुमान व खाटू श्याम प्रभु को शीश नवाया। 601 कन्याओं का पूजन हुआ। संस्थाध्यक्ष भरत सराफ मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल सपत्नीक शिव रुद्राभिषेक का पूजन किया और कन्या भोज किया। समाज की 501 महिलाओं के साथ संगीतमय दादी मंगल पाठ हुआ। कोलकाता की भजन गायिका राधाश्री की भजन गंगा प्रवाहित हुई। सवामणि का भोग लगा और रात में महाआरती हुई।
चलो हटो, छेड़ो ना नंदलाला... से किया मुग्ध
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड का रविवार को सातवां स्थापना दिवस मनाया गया। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से मंदिर के तीनों देव विग्रहों की फूलों से झांकी सजाई गई। भक्तों ने राणी सती, सालासर हनुमान व खाटू श्याम प्रभु को शीश नवाया। 601 कन्याओं का पूजन हुआ।
संस्थाध्यक्ष भरत सराफ मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल सपत्नीक शिव रुद्राभिषेक का पूजन किया और कन्या भोज किया। समाज की 501 महिलाओं के साथ संगीतमय दादी मंगल पाठ हुआ। कोलकाता की भजन गायिका राधाश्री की भजन गंगा प्रवाहित हुई। सवामणि का भोग लगा और रात में महाआरती हुई।