फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: वाराणसी की चर्चित खबरें..., जिला कारागार के पूर्व अधीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप; युवक की पिटाई

Thu, 20 Mar 2025 09:08 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

पूर्व डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया की बेटी ने जिला कारागार के पूर्व अधीक्षक पर मां के उत्पीड़ का आरोप लगाया है। वहीं, कपसेठी थाना क्षेत्र के लोहराडीह गांव में पंचायत भवन के पास बुधवार को खेल रहा पांच साल का बच्चा लापता हो गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Update: जिला कारागार के पूर्व अधीक्षक डॉ. उमेश कुमार सिंह के खिलाफ पूर्व डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया की बेटी नेहा शाह ने बुधवार को लालपुर पांडेयपुर थाने में तहरीर दी। नेहा का आरोप है कि डॉ. उमेश उनकी मां का उत्पीड़न और अपमान करते थे। 

विज्ञापन


उनकी मां को जातिसूचक गाली देते थे। वह उनकी मां को नौकरी से हटवाने की धमकी देते थे। इसके साथ ही उनकी मां और उनका भविष्य चौपट करने की बात करते थे। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने तहरीर लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जिला कारागार की डिप्टी जेलर रहीं मीना कन्नौजिया ने बीते शनिवार को वीडियो और शिकायती पत्र जारी कर अधीक्षक डॉ. उमेश पर भ्रष्टाचार, उत्पीड़न और अभद्रता का आरोप लगाया था। इसके बाद मीना को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से संबद्ध कर दिया गया। डॉ. उमेश का तबादला सोनभद्र जिला कारागार कर दिया गया। 
विज्ञापन


मामले की जांच नैनी सेंट्रल जेल की अधीक्षक को सौंपी गई है। जिला कारागार परिसर स्थित आवास से बुधवार को बेटी और अधिवक्ता के साथ लालपुर पांडेयपुर थाने पहुंची मीना कन्नौजिया ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। जिला कारागार से अधीक्षक डॉ. उमेश के हटाए जाने के बाद उम्मीद जगी है कि उनके आरोपों की जांच सही तरीके से होगी।

बच्चा चुराने की गलतफहमी में ढोल बेचने वाले युवक की पिटाई
कपसेठी थाना क्षेत्र के लोहराडीह गांव में पंचायत भवन के पास बुधवार को खेल रहा पांच साल का बच्चा लापता हो गया। बच्चे को न देख कर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। थोड़ी देर बाद नहवानीपुर गांव के पास ग्रामीणों ने बच्चे के आगे जा रहे एक ढोल बेचने वाले युवक को पकड़ कर पीट दिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पूछताछ की तो मामला बच्चा चोरी का नहीं निकला। पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।

जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर गांव से एक विवाहिता अपने पांच साल के बेटे के साथ लोहराडीह में मायके आई है। दोपहर में बच्चा अकेले पंचायत भवन के पास खेल रहा था। उसी समय ढोल बेचते हुए बाराबंकी निवासी एक युवक पहुंचा। इसके बाद न बच्चा दिखा और न ढोल बेचने वाला दिखा। इस पर बच्चे की मां ने शोर मचाना शुरू किया।

शोर सुनकर बच्चे के नाना पहुंचे और पड़ोसी को लेकर बाइक से नाती की खोजबीन करने निकले। नहवानीपुर गांव के पास ढोल बेचने वाले युवक के पीछे बच्चे को देख ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। 

कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि ग्रामीण गलतफहमी का शिकार हो गए थे। युवक ने बच्चा नहीं चुराया था। वह ढाेल बजा रहा था तो बच्चा उसके पीछे चल दिया। इसके बाद एक महिला को अपनी मां समझ कर उसके पीछे जा रहा था। युवक के नाम-पते की तस्दीक करने के बाद उससे पूछताछ कर छोड़ दिया गया है।

जमीन पैमाइश के दौरान मारपीट लाइसेंसी पिस्टल से डराने का लगाया आरोप
रोहनिया के छितौनी कोट गांव मे बुधवार को जमीन की पैमाइश के लिये पहुंची राजस्व विभाग की टीम के समक्ष मारपीट, लाइसेंसी पिस्टल से धमकाने का मामला सामने आया है। रोहनिया थाने में तहरीर देने वाले मोहित कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि पूर्व लेखपाल दिवाकर उपाध्याय के एक प्रार्थना पत्र के साथ राजस्व निरीक्षक की टीम जांच करने आयी थी। 

इस दौरान टीम का सहयोग करने में लगे थे, इसी बीच पड़ोसी ने गाली देने के साथ जान से मारने की धमकी दी। जब इस का विरोध किया तो वह अपने लाइसेंसी पिस्टल लेकर दौड़ा लिये। यहीं नहीं मोहित ने तहरीर में यह भी बताया कि जब मामले की शिकायत करने अखरी चौकी पर पहुंचे तो इसी बीच विपक्ष के लोगों ने परिवार के लोगो के साथ मारपीट किया। 

इस बारे में रोहनिया थानाध्यक्ष विवेक शुक्ला ने बताया कि जमीन पैमाइश के दौरान मारपीट हुई है। पिस्तौल से धमकाने की बात गलत है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

बंद मकान चोरों ने खंगाल डाला
शिवराज नगर कॉलोनी, छित्तूपुर में बंद मकान को चोरों ने खंगाल डाला। भुक्तभोगी ने लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शरत चंद्र तिवारी ने पुलिस को बताया कि छह मार्च को वह आरा में अपने ससुराल गए थे। 16 मार्च को वापस आए तो घर का ताला टूटा हुआ था। उनके घर से सोने के दो कंगन, एक चेन, ब्रेसलेट, कान के दो सेट, बच्चे का गोल्ड रिंग व चेन सहित अन्य गहने और सामान गायब थे। 

पैसा मांगने पर दुकानदार और परिजनों की पिटाई
पिंडरा के सगुनहां गांव में मनबढ़ों ने दुकानदार के रुपये मांगने पर उसकी पिटाई कर दी। विरोध करने पर परिजनों को भी पीट दिया। फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सगुनहां निवासी उमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात लगभग गांव के ही रवि किशन, संदीप कुमार, आनंद कुमार और मनीष कुमार उसकी चाय-पान की दुकान पर आए। 

चारों सामान लेकर पैसे नहीं दे रहे थे। पैसे मांगने पर चारों गालीगलौज कर दिव्यांग पिता हीरालाल को पीटने लगे। शोरगुल सुनकर लोगों को आते देखकर मनबढ़ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस के आने से नाराज मनबढ़ फिर से उसके घर आए। फिर चारों उसे, उसकी पत्नी सुमन देवी और पुत्री अनुष्का भारती को बुरी तरह से पीटे।

आठ दुकानों के ताले चटकाने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने मंशा देवी मंदिर के पास गल्ला मंडी में आठ दुकानों के ताले चटकाने वाले आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गोलाघाट निवासी आदित्य सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने 10500 रुपये, चांदी की एक चेन व अंगूठी और रॉड बरामद किया है। आरोपी इससे पहले भी चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। 

रामनगर थाना क्षेत्र में गल्ला मंडी स्थित अधिवक्ता राजकुमार सिंह के चेंबर और अनिल गुप्ता की दुकान से सोमवार देर रात नकदी सहित अन्य सामान चोरी हुए थे। छह अन्य दुकानों का भी ताला तोड़ा गया था। इंस्पेक्टर रामनगर राजू सिंह ने बताया कि सीसी फुटेज से पता लगा कि ताले चटकाने वाला युवक बलुआ घाट की तरफ गया था। इसी के आधार पर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर उसे मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। 

मत्स्य विभाग के एडी का एक दिन का वेतन रोका
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बुधवार को सीएम डैशबोर्ड के विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया। 

मत्स्य विभाग के एडी के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी बनाने की धीमी प्रगति पर डीएम ने असंतोष जताया। सभी खंड विकास अधिकारियों को माह के अंत तक प्रगति लाने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना, नई सड़कों के अनुरक्षण व निर्माण सीएमआईएस, मध्याह्न भोजन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में खराब प्रगति पाई।

ऑटो की टक्कर से साइकिल सवार मां-बेटी घायल
मिर्जामुराद। रानेचट्टी में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर साइकिल सवार मां-बेटी एक ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से घायल मां-बेटी को इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। लेड़ूवाई (मिर्जामुराद) गांव की राजपत्ती देवी (45) बेटी रोशनी (16) के साथ साइकिल से एक मरीज को देखने के लिए मिर्जामुराद की तरफ जा रही थी। नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर एक ऑटो की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। 

युवकों के दो गुटों में मारपीट, मुकदमा 
कोनिया पुल पर युवकों के दो गुट में मारपीट हुई। आदमपुर थाने में दो युवकों ने अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया है। कोनिया निवासी विशाल जायसवाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात उसके दोस्त दीपक कुमार को मोहल्ले के माधव तिवारी ने कोनिया पुल पर बुलाया। वह, दीपक, शुभम सेठ और सूरज सेठ कोनिया पुल के पास गए। 

वहां माधव तिवारी अपने दोस्त नई बस्ती कज्जाकपुरा के अथर्व चौरसिया, विजयपुर कोनिया के कल्लू यादव ने चारों की जमकर पिटाई की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। माधव तिवारी ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती शुभम सेठ, समीर यादव, सूरज सेठ और किशन गुप्ता से है। मंगलवार रात कोनिया पुल के पास उसकी और अथर्व की पिटाई की।

मंडुवाडीह चौराहे पर बुलडोजर से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण
मंडुवाडीह चौराहे से बनारस स्टेशन तक बनने वाले फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार दोपहर 12 बजे लोक निर्माण विभाग की टीम ने मंडुवाडीह चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया। कार्य में बाधा बन रहे कुछ मकानों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। 

पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों की टीम जब बुलडोजर लेकर पहुंची तो स्थानीय लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने कोई विरोध नहीं किया। अधिकारियों ने बताया कि शासन की ओर से इस फ्लाईओवर परियोजना को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, अब निर्माण कार्य की गति तेज कर दी गई है। 

मलबा हटाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी ताकि अप्रैल महीने से फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो सके। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अधिकारियों से पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान जाम भी लगा। कई लोगों ने निर्माण तोड़ने के लिए एक दिन का समय मांगा है। 

इसके अलावा कई अन्य निर्माण ढहाए गए। दुकानों के आगे पोर्च, आर्च और रैंप को तोड़ा गया। कई चाय वालों के स्थायी चूल्हे भी तोड़े गए। कुछ लोगों ने पहले से ही नई दीवार बना ली थी। जिसके आगे की पुरानी दीवारों को भी तोड़कर हटवाया गया।

युवती से मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाने में कोईराजपुर (वैराज) गांव निवासी राजनाथ सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। राजनाथ ने बताया कि 15 फरवरी को उनके पट्टीदार राजेश उर्फ ननकू सिंह और आशीष सिंह ने शौचालय के विवाद को लेकर पुत्री नेहा सिंह के साथ मारपीट की। 17 मार्च को उन्हीं लोगों ने बेटी से गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। गालीगलौज और धमकाने में सोनी सिंह भी शामिल रही। 

होली के दिन युवक पर जानलेवा हमले के मामले में छह पर केस
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में होली के दिन एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लमही के मुंशी प्रेमचंद सरोवर के पास राहुल पटेल दोस्त गोलू के साथ 14 मार्च को नाच रहा था।

आरोप है कि रमेश ने अकारण हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए राहुल पास के एक घर में छिप गया, वहां अनुराग ने उस पर ईंट से हमला कर दिया। इसके बाद रमेश, अमित, शिवांग, अनुराग, बाबू खान और मोनू यादव ने घर में घुसकर राहुल को स्टील की पाइप और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने उसका बैग और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

मंदिर से पीतल का घंटा चुरा ले गए चोर
सेवापुरी के जंसा चौराहे से सौ मीटर की दूरी पर जंसा-रामेश्वर पंचक्रोशी मार्ग पर श्री कालनाथेश्वर मंदिर से मंगलवार रात चोर 25 किलो पीतल का घंटा चुरा ले गए। चोरी की जानकारी बुधवार सुबह ग्रामीणों को तब हुई जब वह दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना जंसा थाने की पुलिस को दी। एक सप्ताह पहले जंसा चौकी क्षेत्र के कुरौना गांव के प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने दो बार चोरों की। 

हमला कर लूट लिए चेन और नकदी
शिवपुर थाने में प्रताप नगर कॉलोनी, लक्ष्मणपुर निवासी आशीष कुमार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह यूपी कॉलेज स्थित हनुमान मंदिर में रोजाना दर्शन करने जाते हैं। 18 मार्च को मंदिर के पास आलोक सिंह और राज सिंह अपने चार साथियों के साथ उन पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों, से हमला कर दिए। मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन और जेब में रखे 1100 रुपये भी लूट लिए। आलोक सिंह यूपी कॉलेज में हॉस्टल बी ब्लॉक में रहता है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

पड़े हैं गश में अली खून में नहाय हुए....
19 रमजान की पूर्व संध्या पर शिया समुदाय ने हजरत अली की शहादत का गम मनाया। शहर की 32 मस्जिदों में 28 अंजुमनों ने नौहा और मातम किया। इस दौरान मस्जिदों में पड़े हैं गश में अली खून में नहाए हुए... की सदाएं गूंजती रहीं। कालीमहाल मस्जिद में मजलिस को खिताब करते हुए हाजी फरमान हैदर ने कहा कि 1406 साल पहले मस्जिदे कूफा में सुबह की नमाज के वक्त हजरत अली के सिर पर तलवार से वार किया गया था। 

दो दिन बाद 21 रमजान को उनकी शहादत हो गई। इस सिलसिले से देश और दुनिया के साथ शहर बनारस में भी पूरी शिद्दत के साथ उनका गम मनाया जाता है। शहर में 19 व 21 रमजान को जुलूस भी निकाला जाता है। हजरत अली का रौजा दरगाह-ए-फातमान में है। तीन दिनों तक कई अंजुमनें शब्बेदारी करती हैं और ताबूत भी उठाएंगी। 

नगर निगम में जनहित गारंटी अधिनियम की कार्यशाला
नगर निगम के सभागार में जनहित गारंटी अधिनियम के तहत बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनहित गारंटी अधिनियम के तहत नागरिकों को दी जाने वाली नगरीय सुविधाओं को आम नागरिक तक समय पहुंचाने और इसके प्रावधान के संबंध में जानकारी दी गई।

प्रशासनिक सुधार विभाग, उ0 प्र0 शासन की ओर से जनपद के सभी विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अधिनियम में वर्णित नागरिक अधिकारों एवं उनके कर्तव्यों के बारे में बताया जाता है। प्रशासनिक सुधार विभाग के निरीक्षक प्रज्ञा सिंह वाराणसी मंडल के नोडल अधिकारी हैं। 

शिवाला घाट से निकली जलविहार सेवा, गूंजा जय-जय शंकर हर-हर शंकर
कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती की 132वीं जयंती पर भक्तों ने जलविहार सेवा की। शिवाला घाट से त्रिलोचन घाट तक गंगा की लहरों पर जय-जय शंकर, हर-हर शंकर का जयघोष गूंजता रहा। भक्तों ने शंकराचार्य को नमन किया। इसके साथ ही हनुमान घाट के कांची कामकोटि मंदिर में अनुष्ठान अनवरत जारी हैं।

बुधवार की शाम को जलविहार सेवा शिवाला घाट से केदार घाट, दशाश्वमेध, पंचगंगा, त्रिलोचन घाट होते हुए पुनः शिवाला घाट पर पूर्ण हुई। 20 मार्च को जयंती महोत्सव का समापन होगा। कांची कामकोटि मंदिर हनुमान घाट में चारों वेद की दस शाखाओं का पारायण हो रहा है। देश भर के 80 मूर्धन्य विद्वान नियमित अनुष्ठान कर रहे हैं। 

इसमें पुराण पारायण, महारुद्र, शतचंडी महायज्ञ, वेद भाष्य पारायण एवं प्रवचन के अंतर्गत एकादश रुद्र पाठ के साथ अभिषेक संपन्न हुआ। शतचंडी महायज्ञ के अंतर्गत श्री दुर्गासप्तशती का पाठ हुआ। वेदों की सभी शाखाओं का पारायण हुआ। सायंकालीन सत्र में रुद्र क्रमार्चन तथा ललिता सहस्रनाम के द्वारा ललिता त्रिपुर सुंदरी देवी का कुमकुमार्चन पूजन और महाआरती हुई। दंडी स्वामी अमृतानंद सरस्वती महाराज, नारायण घनपाठी, वी चंद्रशेखर द्राविड़ घनपाठी, के कौशिक शर्मा, श्री निवास शर्मा रहे।

दालमंडी में सपा की ओर से रोजा इफ्तार
सपा की ओर से बुधवार को दालमंडी में रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इसका नेतृत्व कर रहे सपा के वरिष्ठ नेता रितेश केसरी की ओर से आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि रमजान पाक महीना होता है। इस महीने में आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए दुआ की गई। इसके बाद इफतार का आयोजन किया गया। इसमें इमरान बबलू, शाहिद, सलीम, अनीस, राजू आदि शामिल है।

आवास सर्वे के सुस्त रफ्तार पर नाराजगी
काशी विद्यापीठ विकास खंड मुख्यालय सभागार में बुधवार को बीडीओ राजेश यादव ने बैठक कर ग्राम सचिवों के कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना 2024 के तहत चल रहे सर्वे की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए 31 मार्च तक हर हाल में इसे पूरा करने का निर्देश ग्राम सचिवों को दिया। लाउडस्पीकर से प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण सर्वे योजना के मानक से ग्रामीणों को अवगत कराने का निर्देश दिया।

जीवन को आकार देने का प्रभावी साधन है विद्यार्थियों का मूल्यांकन
अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में दो दवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में उच्च शिक्षा से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आईआईटी बीएचयू के प्रो. संजय कुमार शर्मा ने बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मूल्यांकन की चुनौतियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का मूल्यांकन जीवन को आकार देने का प्रभावी साधन है।

आईयूसीटीई में ट्रांसफॉर्मिंग असेसमेंट अप्रोचेज इन हायर एजुकेशन फॉर इंडिया @2047 विषयक संगोष्ठी में प्रो. संजय ने कहा कि मूल्यांकन केवल शैक्षणिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन कौशल, निर्णय लेने की क्षमता और प्रणालीगत सुधार के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। टीआईएफआर मुंबई के प्रो. पीके जोशी ने विद्यार्थियों की मूल्यांकन प्रक्रिया, उसके प्रभावों पर केंद्रित व्याख्यान दिया। 

समापन समारोह में आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेमनारायण सिंह ने कहा कि यह संगोष्ठी शैक्षणिक मूल्यांकन के परिवर्तनकारी क्षेत्रों में गहन विचार-विमर्श करने एवं उनके क्रियान्वयन की रणनीतियों पर केंद्रित रही। दो दिन के मंथन से निकली मूल्यांकन रणनीतियों को अपनाकर विद्यार्थियों का मूल्यांकन प्रभावी ढंग से करना संभव होगा और व्यापक लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। इस दौरान डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. राज सिंह, प्रो. आशीष श्रीवास्तव, प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे।

ठीक से नहीं रखे मिले अभिलेख, जताई नाराजगी
संयुक्त निदेशक कृषि वाराणसी मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दिनेश सिंह ने बुधवार को कलेक्टरी फार्म के कृषि भवन के उप कृषि निदेशक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अभिलेखों को उचित तरीके से नहीं रखे जाने पर नाराजगी जताई। पंजिका से कर्मचारियों का मिलान कराया। सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति को देखते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। अलमारी में रखे पत्रावलियों को भी देखा। 

चौदहवां तीन दिवसीय अधिवेशन का हुआ शुभारंभ
ऑल इंडिया एलआईसी इम्प्लाई फेडरेशन का 14वां तीन दिवसीय महाधिवेशन सारनाथ स्थित राही पर्यटक आवास गृह में बुधवार को शुरुआत हुई। इसमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश , उड़ीसा, छत्तीसगढ़ के सदस्य व पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर सरकारी संस्थानों का निजीकरण, बेरोजगारी, महंगाई को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा व सभी यूनियनों के सहयोग से 20 मई को पूरे में देश व्यापी हड़ताल की बात हुई। 

इस दौरान मुख्य अतिथि पद ऑल इंडिया डिफेंस इम्पलाई फेडरेशन के महासचिव सीश्री कुमार ने कहा की वर्तमान सरकार डिफेंस को भी आउटसोर्सिंग करने पर लगी है। जो देश हित में नही है। इस मौके पर ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के महासचिव अमरजीत कोर ने कहा कि बीमा उद्योग को सुरक्षित रखने से बीमा धारकों एवं देश का विकास होता है। इस मौके पर सुरेश श्रीवास्तव, राजेन्द्र कुमार, सचिन कुमार, सुधांशु जयसवाल, ज्ञानेंद्र बहादुर आदि शामिल हुए।

गौरी और दुर्गा मंदिरों के आसपास बेहतर होगी लाइटिंग व्यवस्था
चैत्र नवरात्र में गौरी और दुर्गा मंदिरों के आसपास सफाई के साथ लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था कराने के लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए। बुधवार को उन्होंने शैलपुत्री जाने वाले वाले मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने आलोक अधीक्षक को जिम्मेदारी दी कि नवरात्र की शुरुआत से पहले गौरी और दुर्गा मंदिरों के आसपास लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त कराएं। 

इसके अलावा नगर स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि मंदिरों के आसपास बेहतर साफ सफाई कराएं। इसके अलावा मुख्य अभियंता को मंदिर जाने वाली सड़क और गलियों को दुरुस्त कराने को कहा। जलकल को जिम्मेदारी दी कि मंदिर के आसपास सीवर की समस्या न हो। इसके लिए क्यूआरटी तैयार रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास वाटर टैंकर रखें। 

ई मेल से जाएंगी वीडीए की फाइलें
नगर निगम में अब ई मेल से वीडीए की फाइलें जाएंगी। पेपर लेस आफिस को ध्यान में रखकर वीडीए ने पहल की है। पहले विकास कार्य की अनुमति से जुड़ी फाइलें डाक के जरिये नगर निगम जाती थीं। इससे फाइलों में लेटलतीफी और गुम होने का खतरा होता है। इसे देखते हुए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने निर्देश दिए हैं। इसके बाद से काम शुरू किया गया है। तकरीबन 200 से अधिक फाइलें ई मेल से भेजी गई हैं।

सुल्तान क्लब के अध्यक्ष की माता का निधन
सामाजिक संस्था सुल्तान क्लब के अध्यक्ष डॉ. एहतेशामुल हक की मां और नेशनल इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्व. फहीम अहमद की पत्नी जरीना फहीम (66) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन पर शहर के कई तंजीमों ने अफसोस के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। उनको बुनकर कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनकी नमाज-ए-जनाजा मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने अदा कराई। 

वासदेव नगर कालोनी में शुरू हुआ मानस सम्मेलन
श्रीराम चरित मानस समिति की ओर से बुधवार पहड़िया स्थित वासदेव नगर कॉलोनी में अष्टदश वार्षिक विराट सम्मेलन व नवाह्नपारायण महायज्ञ आरंभ हुआ। नवाह्न पाठ की शुरुआत सुबह 7:30 बजे से हुई। शाम को मानस सम्मेलन में कथा वाचकों ने मानस की महिमा बताई। 27 मार्च तक आयोजित मानस सम्मेलन में यज्ञाचार्य पं. प्रिंस शास्त्री, मानस वक्ता डाॅ. मदन मोहन मिश्रा, पं. वशिष्ठ नारायण उपाध्याय, पं. रामचंद्राचार्य, पं. श्रीकांत पाठक एवं सिपा भारती प्रवचन करेंगी। मानस सम्मेलन शाम 6:30 से रात दस बजे तक होगा। इस दौरान क्षत्रधारी सिंह एडवोकेट मौजूद रहे।

अबीर-गुलाल के साथ ही बिखरी फगुआ और चैती की धुन
होली स्नेह मिलन समारोह में अबीर-गुलाल के साथ ही फगुआ और चैती की धुन बिखरी। बुधवार को सामनेघाट स्थित श्रीनाथ जी उपवन वाटिका में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रमोद दीक्षित के मंगलाचरण से हुई। लोकगायक मन्नू यादव ने फगुआ और चैती की तान छेड़कर सभी को अपने सुरों से सराबोर कर दिया। 

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सदस्य डॉ. हरेंद्र राय के नेतृत्व में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में डाॅ. अवधेश प्रधान और डाॅ. अनूप वशिष्ठ ने लोगों को होली का महत्व तथा आपसी प्रेम बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक सुशील सिंह, सौरभ श्रीवास्त मौजूद रहे।

उधर, महिला जायसवाल सभा काशी की ओर से छावनी स्थित होटल में होली मिलन समारोह हुआ। महिलाओं ने होली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। एक दूसरे को को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी। अध्यक्ष रीता जायसवाल ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का प्रतीक है। संचालन नीरजा जायसवाल एवं धन्यवाद प्रकाश निधि जायसवाल ने किया। समारोह में सत्या जायसवाल, रीमा जायसवाल, डॉ. नीलम गुप्ता, अनीता जायसवाल, रंजना आदि मौजूद रहे।

रोजा इफ्तार में दी रमजान शरीफ की मुबारकबाद
दालमंडी स्थित अब्बास मुर्तुजा शमसी के आवास पर रोजा इफ्तार का आयोजन हुआ। इसमें सभी वर्ग के लोग शामिल हुए और रमजान शरीफ की मुबारकबाद दी। इस दौरान मकबूल अंसारी, शकील अहमद, बबलू महंत, राघवेंद्र चौबे, शांतनु राय, मनीष मौर्य, जितेंद्र सेठ मौजूद रहे। उधर, सपा के वरिष्ठ नेता रितेश केसरी की ओर से भी दालमंडी में रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि रमजान पाक महीना होता है। इस महीने में आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए दुआ की गई। इफ्तार में इमरान बबलू, शाहिद, सलीम, अनीस, राजू आदि शामिल है।

सात दिन तक चलेगा काशी विद्यापीठ के छात्राओं का विशेष शिविर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं के सात दिवसीय विशेष शिविर का बुधवार को शुभारंभ हुआ। कबीर मठ प्राचीन प्राकट्य स्थल परिसर में चलने वाले शिविर के दौरान साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएंगे।

बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व समन्वयक प्रो. संजय ने स्वयंसेविकाओं को परिवार में हो रहे भेदभाव को मिटाने के बारे में जागरूक किया। डॉ. भारती कुरील ने शिविर के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्रेया एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रदक्षिणा ने किया।

बीएचयू में प्रो.एके घोष बने सीडीसी के कोआर्डिनेटर
बीएचयू में कुलपति कार्यालय के पास बने सेंट्रल डिस्कवरी सेंटर(सीडीसी) में कोऑर्डिनेटर पद पर विज्ञान संस्थान के भौतिकी विभाग के प्रो. एके घोष की तैनाती की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया है।

सहायक कुलसचिव विकास डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. समरेंद्र कुमार सिंह को अगले आदेश तक उप समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।

जलस्रोतों को दुरुस्त करने के लिए तालाबों का सर्वे शुरू
जलस्रोतों को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने तालाबों का सर्वे शुरू किया गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को जिम्मेदारी दी है। सर्वे के दौरान तकरीबन 450 तालाबों की खोजबीन कर तीन कैटेगरी में रखा गया है। 

वार्डवार तालाब, नवविस्तारित क्षेत्रों के तालाब और धार्मिक महत्व वाले तालाब को अलग अलग कैटेगरी में रखा गया है। इन तालाबों को दुरुस्त करने के बाद मत्स्य विभाग के कानून के अनुसार पट्टे पर देने की तैयारी की गई है। इससे तालाबों की रखवाली होगी और कब्जे पर लगाम लगाया जाएगा। 

इसके अलावा धार्मिक तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। यहां लाइटिंग, बेंच आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कई जगहों को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा। इससे जलस्रोतों को बेहतर करने में मदद मिलेगी। कई जगहों पर काम शुरू कराया गया है।

प्रियांशी ने पैरा टेबल टेनिस रैंकिंग में जीता खिताब
पैरा टेबल टेनिस में प्रियांशी केशरी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने गुजरात के वडोदरा स्थित समा इंदौर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में गुजरात की नीता छावड़ा को हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। 17 से 19 तक दूसरी पैरा टेबल टेनिस राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप आयोजित की गई। जहां देश भर से पैरा टेबल टेनिस के उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रियांशी केशरी ने पूरे प्रतियोगिता में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भरत गिरि बने श्री दैत्राबीर बाबा मंदिर के पुजारी
चिरईगांव ब्लाॅक के ग्राम पंचायत खानपुर में वाराणसी गाजीपुर राजमार्ग पर स्थित प्राचीन श्री दैत्राबीर बाबा मंदिर ट्रस्ट और श्री जूना अखाड़े के प्रमुख संतों की आपसी सहमति से भरत गिरि मंदिर के मुख्य पुजारी नियुक्त हुए। यह जानकारी खानपुर के ग्राम प्रधान और ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष लालबहादुर पटेल ने दी। 

101 ने किया रक्तदान, हुए सम्मानित
बनारस रेल इंजन कारखाने के केंद्रीय चिकित्सालय में बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने रक्तदान किया। इसमें कुल 101 रक्तदाता शामिल रहे। शुभारंभ बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया।

उन्होंने कहा कि रक्तदान से कई जानें बचाई जा सकती हैं। रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका आभार भी जताया। कहा कि ऐसे आयोजन रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी दिए गए। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजी. विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजी. विनोद शुक्ल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक एसके मिश्रा, वित्त सलाहकार, आईटी पीयूष सिंह, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार मौजूद रहे।

होली का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का प्रतीक- रीता
महिला जायसवाल सभा काशी द्वारा बुधवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में आप सायं होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। आकर्षक परिधानों में सजी समाज की महिलाओं ने होली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया एक दूसरे को को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दिया।

महिला जायसवाल सभा की अध्यक्ष रीता जायसवाल ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का प्रतीक है, हमें अपने संस्कृती के साथ सनातन की भी रक्षा करनी है। उन्होंने समाज की महिलाओं को इस अवसर पर सनातन की रक्षा का संकल्प दिलाया। समारोह का संचालन नीरजा जायसवाल एवं धन्यवाद प्रकाश निधि जायसवाल ने किया। समारोह में सत्या जायसवाल, रीमा जायसवाल, डॉ. नीलम गुप्ता, अनीता जायसवाल, रंजना आदि मौजूद रहे।

कमीशन नहीं मिलने पर कोटेदारों ने जताई नाराजगी
सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदारों (कोटेदारों) का तीन महीने से कमीशन नहीं मिल रहा है। इसे लेकर कोटेदारों ने नाराजगी जताई। ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गिरीश कुमार तिवारी ने कहा कि जनवरी से अभी तक वाराणसी के कोटेदारों का कमीशन नहीं मिला है। जिससे कोटेदारों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। 

बताया कि वाराणसी मंडल के अन्य जनपदों जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली में कोटेदारों के कमीशन का भुगतान एक महीने पहले ही हो चुका है। इस प्रकार एक ही मंडल में अलग-अलग कायदे कानून कैसे लागू हो रहे हैं यह समझ के परे है।

क्षेत्र के लक्ष्मीकांत पांडेय, संतोष तिवारी, पखंडू राजभर, संदीप मिश्रा, दीनानाथ मिश्रा, बद्री जायसवाल का कहना था कि जिला पूर्ति कार्यालय वाराणसी की लापरवाही के कारण कोटेदारों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। अब कोटेदार जल्द ही मंडलायुक्त वाराणसी मंडल से मिलकर भुगतान का आग्रह करेंगे।

एसडीओ व कर्मचारी से युवक ने की अभद्रता
रामनगर किला मार्ग के 33 केवी उपखंड कार्यालय में बुधवार को एक उपभोक्ता ने एसडीओ से अभद्रता की। एसडीओ नवदीप सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।

एसडीओ ने बताया कि कोदोपुर निवासी विकास कुमार सिंह दोपहर दो किलोवाट का कनेक्शन लेने के लिए कार्यालय आये थे। अवर अभियंता के न मिलने पर, मेरे कक्ष में घुसकर गाली गलौज की और कागजात फेंकने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें हटाया। बाहर निकल कर कैश जमा करने जा रहे कैशियर से भी गाली गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए।

ब्लॉक को निपुण बनाने वाले 5 एआरपी सम्मानित
पिंडरा विकास खंड के पांचों एआरपी को पिंडरा ब्लॉक को निपुण बनाने पर सारनाथ में एलएलएफ संस्था की तरफ से सम्मानित किया गया। डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला, बीएसए अरविंद पाठक ने अजय कुमार सिंह, रामसेवक यादव, कमलेश कुमार, संजय वर्मा व वीरेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र व निपुण कप देकर सम्मानित किया।

गृहकर वसूली कम करने पर निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा और अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने आदमपुर जोन की गृहकर वसूली की समीक्षा की। वरूणापार जोन में कार्यरत कर निरीक्षक अजय शुक्ला की वसूली कम होने पर नगर आयुक्त ने प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का आदेश दिया।

नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि 31 मार्च तक शत प्रतिशत वसूली कराएं। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने आदमपुर जोन की वसूली मानक के अनुरूप न होने पर नाराजगी जताई। अगली बैठक में सुधार के निर्देश दिए। सुधार नहीं होने पर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। 

तीन राज्य के युवाओं ने किए बाबा के दर्शन
युवाओं में राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के लिए नेहरू युवा केंद्र के शिविर का तीसरा दिन दैनिक क्रिया, योग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भरा रहा। इसमें तीन राज्यों के पांच जिले सुकमा, कांकेर, दंतेवाड़ा, बालाघाट और कंधमाल के युवाओं ने भरपूर आनंद लिया। दिन की शुरुआत दैनिक क्रिया और योग से हुई। इसके बाद युवाओं ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन किया। प्रो. बाला लखेंद्र के मार्गदर्शन में बीएचयू परिसर का भ्रमण कर युवाओं ने नमो घाट पर गंगा दर्शन और पूजन किया। सांस्कृतिक संध्या में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतिया हुईं।

बिजली कर्मचारियों ने 40 घंटे बाद खत्म की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के प्रभारी पुनीत राय का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 40 घंटे बाद मंगलवार देर रात खत्म हुई। यह निर्णय संगठन और प्रबंधन के बीच सफल वार्ता के बाद लिया गया। 

प्रभारी पुनीत राय ने बताया कि अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार वर्मा के माध्यम से मंगलवार रात 9 बजे प्रबंध निदेशक शंभू कुमार के साथ वार्ता हुई। मुख्य मुद्दा 128 संविदा कर्मचारियों की बहाली का था, जिन्हें 2023 में निकाल दिया गया था। बैठक में सहमति बनी कि तीन कार्य दिवसों में समिति का गठन किया जाएगा, जो 45 दिनों में समाधान निकालेगी।

अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में बिजली विभाग के अधिकारियों ने जूस पिलाकर आंदोलन खत्म कराया। पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय ने कहा कि संगठन अपने कर्मचारियों की लड़ाई को लगातार जारी रखेगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए तत्पर रहेगा। 

केंद्रीय महामंत्री आशीष कुमार ने कहा कि ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता समर बहादुर, निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आरके जैन, अधीक्षण अभियंता अरविंद नायक, अधिशासी अभियंता (मुख्यालय) अज्ञात शत्रु रहे। संगठन की ओर से वार्ता में प्रभारी पुनीत राय, केंद्रीय महामंत्री आशीष कुमार, पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय शामिल हुए।

आरटीओ ने युवाओं को वितरित किए हेलमेट
सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बुधवार को पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में सड़क सुरक्षा अग्रदूत प्रशिक्षण और हेलमेट वितरण कार्यक्रम हुआ। राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसाइटी, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में जिले की मोटर एसोसिएशन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे। 

इसमें प्रमुख प्रशिक्षक सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ, गोल्ड मेडलिस्ट भारत सरकार के पूर्व तकनीकी सलाहकार आरटीओ डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने जनसमूह को प्रशिक्षण दिया। युवाओं ने देश को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने के साथ ही वर्ष 2047 तक सड़क हादसों रहित राष्ट्र निर्माण की शपथ ली। 

विशिष्ट अतिथि डीसीपी ट्रैफिक राजेश पांडेय ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। आरटीओ (प्रशासन) शिखर ओझा ने राजस्थान से आए अधिकारियों और संस्था के पदाधिकारियों का आभार जताया। आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार वर्मा ने सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। इसमें एआरटीओ श्याम लाल, सुधांशु रंजन, यात्रीकर अधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह, अखिलेश पांडेय मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद बलुआ घाट की खोदाई कर लिया गया सैंपल
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव और एडीएम वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव ने बलुआ पर बने पक्का घाट की जांच की। घाट के निर्माण सामग्री की सैंपलिंग के लिए खोदाई कराई गई। लैब में जांच के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि निर्माण कार्य को देखा गया। गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपलिंग कराई गई है। पूर्व में यहां निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए गए थे। मुख्यमंत्री की बैठक में भी मामला उठा था। नाराज सीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अधिकारी और जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में सैंपलिंग कराई गई। 

मुख्यमंत्री से विधायक ने सामने घाट व बलुआ घाट पर पक्के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया था। प्रोजेक्ट मैनेजर मानवेंद्र सिंह की मौजूदगी में सैंपलिंग ली गई। विधायक ने कहा कि निर्माण में गंगा बालू के इस्तेमाल सहित कई अनियमितता पाई गई है। सैंपल की फॉरेंसिक जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। कई माह पहले निर्माणाधीन घाट का गुंबद गिरने से एक मजदूर की मौत के बाद से घाट पर निर्माण कार्य बंद है। दुर्घटना के बाद सभी गुंबद हटवाए गए हैं।

नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की...
नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की..., ब्रज में हो रही जयजयकार, नंद घर लाला आयो है... की धुन पर महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ बुधवार को नंदोत्सव के रंग में डूबा नजर आया। बधाई गीतों पर नाचते गाते श्रद्धालुओं ने एक दूसरे को श्रीकृष्ण जन्म की बधाई दी।

शृंगेरी मठ में बाल गोपाल श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव की झांकी सजाई गई। मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की ओर से चल रही सप्ताहव्यापी श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा प्रसंग में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। श्रीधाम वृंदावन से पधारे श्रीबांकेबिहारी मंदिर के शयन भोग सेवा अधिकारी पं. बृजेश गोस्वामी ने व्यासपीठ से सभी को श्रीकृष्ण जन्म की बधाई दी। कहा कि सत्संग सहनशीलता को बढ़ावा देता है। 

सत्संग व्यक्ति को पूर्णता प्रदान करता है। कथा, सत्संग और भजन मानव को धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। मुख्य यजमान आनंद स्वरूप अग्रवाल और भरत अग्रवाल ने देव स्वरूपों का पूजन किया। इस मौके पर अवधेश खेमका, महेश चौधरी, रवि अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, मनीष गिनोडिया, कृष्ण कुमार काबरा, उमा बजाज, स्मिता लोहिया मौजूद रहीं।

आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर बृहस्पतिवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी चौकाघाट में सुबह 11 बजे से शाम के 4 बजे तक और 33 केवी दौलतपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते अथका गांव, संजय नगर, ढेलवरियां, बिछुआ अखाड़ा के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही 33 केवी रामनगर में सुबह 11 बजे से दोपहर के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।

भारत विकास परिषद रामनगर शाखा के अध्यक्ष बने अजय
भारत विकास परिषद रामनगर का अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया। सर्वसम्मति से चयन की घोषणा मंगलवार रात चुनाव में की गई। बटाऊबीर के एक लॉन में मां भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के बाद राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। चुनाव पर्यवेक्षक विशाल कपूर ने नियमावली से अवगत कराया। 

कोषाध्यक्ष पद के लिए विजय कुमार मिश्रा और सचिव पद के लिए अरुण घोष ने नामांकन किया और तीनों को निर्विरोध अगले एक वर्ष के कार्यकाल के लिए चुन लिया गया। चुनाव बाद होली मिलन का कार्यक्रम हुआ। सुषमा कुमारिया के गीतों ने लोगों का दिल जीत लिया। 

महिला संयोजिका रवि कांता मिश्रा के साथ अनिता नाथ ने भी गीतों की प्रस्तुति दी। परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनिल सिंह ने 23 मार्च के प्रांतीय होली मिलन समारोह की जानकारी दी। कार्यक्रम में गोपाल प्रसाद गुप्ता, नीरज गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, सतीश कुमार श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। संचालन आरपी सिंह ने किया।

बीएचयू में मना फाग उत्सव, अमेरिका से आई फुलब्राइट टीम का कथक रहा खास
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में आयोजित फाग उत्सव में अमेरिका से आई फुलब्राइट टीम की प्रस्तुति खास रही। नृत्यांगना डॉ. रुक्मिणी जायसवाल और उनकी टीम ने कथक की प्रस्तुति दी। टीम के अध्यक्ष डॉ. अशोक ओझा ने कहा कि भारतीय संस्कृति बहुत समृद्धशाली है, इस बारे में सभी को जानना बहुत जरूरी है।

भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद लखनऊ और महिला महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अशोक ओझा ने बताया कि फुलब्राइट टीम विभिन्न देशों के सहयोग से भारत की सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक ताने बाने को समझने के लिए देश के विभिन्न राज्यों में जाकर लोगों से संवाद स्थापित करती है।

फुलब्राइट टीम की डायरेक्टर गैब्रिएला ने कहा कि सभी देशों की अपनी पुरानी संस्कृति होती है लेकिन भारत की संस्कृति अलग-अलग प्रवाहों की संगम है। महिला महाविद्यालय की पूर्व प्रचार्या प्रो. चंद्रकला त्रिपाठी, प्राे. आभा गुप्ता ठाकुर, डॉ. आनंदवर्धन शर्मा, प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ने विचार रखे। कार्यक्रम में डॉ. हरीश कुमार, डॉ. विवेकानंद उपाध्याय, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. उर्वशी गहलौत, डॉ. प्रियंका सोनकर आदि मौजूद रहे।

नागपुर दंगे के लिए विपक्ष जिम्मेदार : मोहले
पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने नागपुर दंगे के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। बुधवार को कहा कि सपा विधायक अबू आजमी ने जानबूझ कर एक साजिश के तहत क्रूर मुगल शासक औरंगजेब का महिमा मंडन करने वाला बयान दिया था, जिससे लोगों में आक्रोश पैदा हो और दंगाइयों को अपने हिंसक मंसूबे में कामयाबी मिले । उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने अब नागपुर हिंसा के मुख्य मास्टर माइंड फहीम शमीम खान को धर दबोचा है। 

पूछताछ में जल्द ही विपक्षी साजिश का पर्दाफाश हो जाएगा। शख्स नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है और पिछले कुछ दिनों से दंगाइयों के बीच उकसाऊ व उत्तेजक भाषण दे रहा था। महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि दंगाइयों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और अबू आजमी को गिरफ्तार किया जाए। 

मंडलीय कार्यालय की डिजाइन पर चर्चा
कमिश्नरी में बनने वाले एकीकृत मंडलीय कार्यालय में स्थानांतरित होने वाले विभागों के साथ वीडीए में बुधवार को बैठक हुई। अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बताया कि एकीकृत मंडलीय कार्यालय में कुल 59 विभाग हस्तानांतरित हो रहे हैं। इसमें विशेष विभाग को आवंटित किए जाने वाले ड्राइंग और डिजाइन पर चर्चा की गई। अधिकांश विभागों द्वारा इन ड्राइंग और डिजाइन पर सहमति प्राप्त की गई। बैठक में वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता अनुज शर्मा मौजूद रहे। 

बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों पर करें कार्रवाई
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को शमन मानचित्रों की समीक्षा की। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए जोनल अधिकारी को निर्देश दिया।

सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट को खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग का चिह्वांकन कर ध्वस्तीकरण कराने को कहा। जोन एक में अब तक कुल शमन धनराशि 10,33,04,551 रुपये, जोन दो में 8,31,87,603 रुपये जमा कराए गए हैं। 

45 एआरपी का हुआ सम्मान
बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समस्त अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) को सारनाथ स्थित एक होटल में सम्मानित किया गया। इन्हें लैंग्वेज और लर्निंग फाउंडेशन ने बेसिक शिक्षा के तहत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने के लिए यह सम्मान मिला। इसमें निपुण भारत मिशन में उनका विशेष योगदान भी शामिल है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक और उप प्राचार्य डायट उमेश कुमार शुक्ल ने एआरपी को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्रम भी दिया। 

प्लॉट में हो रहा था आइसक्रीम का कारोबार, सील करने के निर्देश
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बुधवार को शहर की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। गीता नगर कॉलोनी के भवनों पर क्यूआर कोड लगाने के कार्य को देखा। यहां एक भवन से सम्मिलित प्लाॅट में आइसक्रीम का कारोबार किया जा रहा था। इस संबंध में टैक्स इंस्पेक्टर ने बताया कि कारोबारी ने कमर्शियल भवन नंबर नहीं लिया गया है। इस संदर्भ में सीलिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साफ सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त मार्ग, स्ट्रीट लाइट आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग के किनारे कहीं पर भी मलबा न पड़ा हो, इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कॉलोनी के पार्क के सुंदरीकरण, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, सीवर एवं वाटर लीकेज की समस्या ना हो इसके लिए ताकीद किया। क्यूआर कोड के माध्यम से भवन स्वामी अपना भवन कर, जल कर, सीवर कर एवं डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के चार्जेस घर बैठे ही जमा कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा।

क्षेत्रीय पार्षद ने बताया कि बंधवा नाला के पास वरुणा नदी में जलकुंभी जमा हो गई है। नगर आयुक्त इसे हटवाने के लिए स्कीमर मशीन चलाने को कहा। पूरी कॉलोनी का सड़क निर्माण कार्य 15वें वित्त के तहत कराने के निर्देश दिए। कालोनी वासियों ने एक लाइट लगवाने की मांग की। कॉलोनी के मुख्य द्वार पर लोहे के गेट क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिसे ठीक कराने को कहा।

पूर्व सैनिकों ने निकाली बाइक रैली से किया जागरूक
पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने मंगलवार सुबह कैंटोनमेंट के 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर के सदर बाजार गेट पर बाइक रैली का स्वागत किया गया। रैली असम राइफल की ओर से 12 से 24 मार्च तक विजय नगर अरुणाचल प्रदेश से भुज गुजरात के लिए निकली जा रही है। रैली का मोटो एक भारत श्रेष्ठ भारत है। 

बाइक रैली में असम रेजिमेंट के सीओ एडज्यूटेंट साहब के साथ लोकल सिविलियन भी रहे। भूतपूर्व सैनिकों से मिलकर उनका हाल जाना। साथ ही असम रेजिमेंट का एक मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सूबेदार मेजर रामजन्म सिंह, हवलदार कैप्टन विजेंद्र तिवारी और सेवानिवृत्त नायब सूबेदार अरुण कुमार सिंह ने मोमेंटो ग्रहण किया। इस दौरान सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर संजय कुमार मिश्रा, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राजबली पाल मौजूद रहे।
विज्ञापन

मां आदिशक्ति के आशीर्वाद से ही देवताओं ने असुरों पर पाई विजय
देवी उपासिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने कहा कि कलियुग में मां आदिशक्ति देवी की महिमा का बड़ा ही महत्व है। उनकी शक्ति का कोई ओर छोर नहीं है। देवताओं ने भी असुरों पर विजय मां आदिशक्ति के आशीर्वाद से ही प्राप्त की थी। मां आदिशक्ति बल, बुद्धि और विद्या देने वाली हैं। मां आदि शक्ति की उपासना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

वह बुधवार को डाफी स्थित कमला आशीर्वाद वाटिका में नौ दिवसीय श्रीमद्देवीभागवत कथा के पहले दिन देवी महात्म्य का वर्णन कर रही थीं। भागवत कथा का शुभारंभ सीर स्थित चौरा माता मंदिर में मां चौरा देवी का विधि विधान से पूजन करके व भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में सबसे आगे सिर पर कलश लिए कन्याएं और महिलाएं चल रही थीं। 

उनके पीछे श्रद्धालु जय माता दी का जय घोष करते हुए चल रहे थे। देवी गीतों के बीच भक्त नाचते गाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा चौरा माता मंदिर से निकलकर सीर गोवर्धनपुर दुर्गा मंदिर होते हुए कमला आर्शीवाद वाटिका पहुंची। अंत में आरती करके भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें