अस्पताल में नवजात की मौत के बाद परिजनों द्वारा हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस।
मऊ के शहर कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत होने के बाद परिजनों ने स्टाफ नर्स, चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। प्रसूता के परिजनों ने कोतवाली में चिकित्सक, स्टाफ नर्स के खिलाफ तहरीर दी है।
गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी कृष्णा कुमार ठठेरा ने बताया कि उसकी गर्भवती पत्नी रूबी शहर कोतवाली के मुंशीपुरा स्थित मायके आई थी। सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर मायके के लोग उसे गाजीपुर तिराहा स्थित निजी अस्पताल में ले गए। यहां डॉक्टर ने पहले नार्मल डिलीवरी की बात कही। इस दौरान उसकी पत्नी को इंजेक्शन लगाया गया, लेकिन बाद में देर रात उसका ऑपरेशन करने के लिए ओटी में ले गए। तीन घंटे बाद चिकित्सक तथा स्टाफ नर्स ने बताया कि बच्चे की मौत हो चुकी है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान चिकित्सक और स्टाफ नर्स ने लापरवाही बरती है। बच्चे को जोर जबरदस्ती से निकालने के कारण मौत हुई है। आरोप लगाया कि जब परिजनों ने शिशु की मौत होने की वजह पूछी तो चिकित्सक तथा स्टाफ नर्स वहां से निकल गए। इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया।
प्रसूता के परिजनों ने चिकित्सक, स्टाफ नर्स के खिलाफ तहरीर देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।