वाराणसी। यूजीसी नेट परीक्षा में इस बार पांच नए विषयों को शामिल किया गया है। आगामी 28 जून को होने वाली नेट परीक्षा में इस बार ड्रामा, थिएटर, कर्नाटक संगीत, रबींद्र संगीत और ताल वाद्य विषयों की भी परीक्षा होगी।
इन विषयों के शामिल होने से संगीत एवं मंच कला से जुड़े ड्रामा, थिएटर के छात्र-छात्राओं को न सिर्फ फेलोशिप मिलने की आस जगी है बल्कि असिस्टेंट प्रोफेसर व प्रोफेसर बनने का भी मार्ग प्रशस्त होगा।
यूजीसी नेट की जून-2015 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बार आवेदन प्रक्रिया में कुछ बदलाव किया गया है। दिसंबर 2014 से ही ये परीक्षा सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) द्वारा आयोजित कराई जा रही हैं।
इस बार सीबीएसई ने इसमें कुछ बदलाव किए हैं। पहले जहां अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी कोआर्डिनेटिंग यूनिवर्सिटी में जमा करनी होती थी मगर अब इस प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब अभ्यर्थियों को केवल ऑनलाइन आवेदन फार्म भरकर आवेदन फार्म का प्रिंट अपने पास ही रखना होगा। इसके अलावा बोर्ड ही इस बार अभ्यर्थियों के टेस्ट सेंटर एलॉट करेगी।
इसके तहत आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को टेस्ट सेंटर एलॉटमेंट के लिए पांच शहरों में जहां वे परीक्षा देना चाहते हैं, का क्रमानुसार चयन करना होगा। बोर्ड द्वारा 89 शहरों में ये परीक्षा कराई जा रही है।