वाराणसी-बेंगलुरु के बीच रविवार से विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस ने नई उड़ान सेवा का आरंभ किया। उड़ान सेवा के पहले दिन 128 यात्रियों को लेकर इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई 113 बेंगलुरु से सुबह 5:15 बजे उड़ान भरा जो सुबह 7:45 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे पर उतरने के बाद विमान जैसे ही एप्रन की तरफ बढ़ा उसी दौरान फायर कर्मियों ने फायर टैंक रोजन वार से विमान को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया।
इसके बाद यही विमान वाराणसी एयरपोर्ट से 6ई115 बनकर सुबह 8:30 बजे 175 यात्रियों को लेकर बेंगलुरू के लिए उड़ गया। मंगलवार को छोड़कर प्रतिदिन विमान सेवा संचालित होगी।
नई उड़ान सेवा प्रारंभ होने पर इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की। वहीं एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने कहा की बेंगलुरु उड़ान प्रारंभ होने से यात्रियों को इसका काफी लाभ होगा।
यात्रियों की बढ़ी संख्या को ध्यान में रखकर इसे शुरू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा की एयरलाइंस कंपनियों से बात चल रही है आगामी दिनों में कई और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ाने बढ़ाई जाएंगी।