कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर शहर में आंशिक लॉकडाउन है। जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर शाम चार बजे के बाद भ्रमण पर प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन आदेश का पालन किसी घाट पर नहीं किया जा रहा है। सुबह से लेकर शाम तक गंगा घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शाम के समय नाव में एक साथ कई संख्या में पर्यटकों की सवारी हो रही है। बगैर मास्क के अस्सी घाट से लेकर अन्य घाटों पर युवा घूम रहे हैं और इन पर नजर रखने के लिए पुलिस दूर-दूर तक
नहीं दिख रही है। मंगलवार को अस्सी घाट पर काफी भीड़ जमा हुई।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी, भदैनी, तुलसी, केदार घाट से लेकर अन्य घाटों पर शाम के समय भीड़ उमड़ी हुई थी। न सामाजिक दूरी का पालन न ही किसी के चेहरे पर मास्क था। यह नजारा शाम पांच से छह बजे के बीच में दिखा। अस्सी घाट पर तो सीढ़ियों के नीचे कुछ युवा नशा करते हुए भी दिखे। यही हाल हरिश्चंद्र घाट से लेकर दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद, सिंधिया आदि घाटों का रहा। कोरोना का संक्रमण कम करने के लिए पुलिस सड़कों पर गश्त कर रही है, लेकिन घाटों पर कोई नहीं है। यही वजह है कि पर्यवेक्षण नहीं होने का लाभ लेकर नाविकों का भी नाव संचालन जारी है। एक नाव पर सवार 20 से 22 युवाओं का वीडियो भी वायरल हुआ है। अस्सी घाट से नाव पर भ्रमण करते हुए वीडियो में किसी के चेहरे पर मास्क नहीं था, सामाजिक दूरी का पालन धड़ाम रहा।