स्मार्ट वाच या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हॉल के बाहर ही रखने होंगे। उप जिलाधिकारी (नगर) ने बताया कि प्राथमिकता है कि नीट परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो। पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
केंद्रों के आसपास साइबर कैफे, स्टेशनरी, फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही केंद्रों के आसपास किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसकी कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र लेकर आना होगा। इसके बिना परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि अंतिम समय की हड़बड़ी से बचा जा सके।
पहली बार तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी परीक्षा
पहली बार नीट यूजी 2025 की परीक्षा तीन स्तर के सुरक्षा घेरे में होगी। बाहरी घेरा जिला मैजिस्ट्रेट की टीम, दूसरा राज्यस्तरीय (पुलिस व राज्य) टीम और तीसरा (परीक्षा केंद्र के अंदर) घेरा केंद्र सरकार की विशेष सुरक्षा टीम का रहेगा। स्नातक मेडिकल दाखिले की नीट यूजी 2025 की परीक्षा को गड़बड़ी से बचाने और शुचिता बनाए रखने के लिए शनिवार को पहली बार 5468 केंद्रों की मॉक ड्रिल से तैयारियों को परखा गया।
करीब 93 फीसदी केंद्र सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में बने हैं। खास बात है कि नीट यूजी 2025 की परीक्षा से अब यदि कोई उम्मीदवार परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान या बाद में अनुचित साधनों का उपयोग करने पर उसे तीन साल के लिए एनटीए की किसी भी परीक्षा में शामिल होने पर प्रतिबंध लग जाएगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, नीट यूजी 2025 की रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा में 22.76 लाख छात्रों ने पंजीकरण किया है। केंद्रीय गृहमंत्रालय, राज्यों और जिला मैजिस्ट्रेट के साथ मिलकर पहली बार शनिवार को सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल से तैयारियों को परखा गया है।