रामनगर वृद्धाश्रम पहुंचे मंत्री असीम अरुण,व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने मंगलवार को रामनगर कस्बे के वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने घोषणा की कि इस वृद्धाश्रम में देश के किसी भी राज्य के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिक निवास कर सकते हैं। मंत्री ने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया।
असीम अरुण ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप काशी में यह वृद्धाश्रम स्थापित किया गया है। यह वृद्धाश्रम बुजुर्गों के लिए सेवा, सुरक्षा और सम्मान का केंद्र है। यहां पूजा-पाठ, सत्संग, मनोरंजन और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था है। आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को परिसर के भीतर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिलती हैं। जरूरत पड़ने पर बाहरी चिकित्सा संस्थानों से भी उपचार की व्यवस्था की जाती है। निरीक्षण के दौरान तारा संस्थान के सचिव दीपेश मित्तल ने मंत्री को वृद्धाश्रम का भ्रमण कराया। उन्होंने आवास, भोजन, चिकित्सा, मनोरंजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।
वृद्धाश्रम की सुविधाएं और भविष्य की योजनाएं
मंत्रीने कहा कि यह वृद्धाश्रम केवल रहने का स्थान नहीं है। यह बुजुर्गों के लिए सेवा, सुरक्षा और सम्मान का केंद्र है। यहां वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे आधुनिक वृद्धाश्रम विकसित करने की दिशा में कार्य करेगी।