वाराणसी में शुक्रवार से ‘कराटे का कुंभ’ यानी राष्ट्रीय ओपेन कराटे प्रतियोगिता का आगाज हो रहा है। अमर उजाला फाउंडेशन और मानव एकेडमी आफ मार्शल आर्ट के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 17 दिसंबर तक संपूर्णानंद सिगरा स्टेडियम में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब, गुजरात, दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा के सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
गुरुवार की शाम तक 10 प्रदेशों के 510 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण करा लिया था। इसमें 323 लड़के और 187 लड़कियां हैं। 15 दिसंबर को शाम चार बजे तक खिलाड़ियों का पंजीकरण होगा। यह जानकारी आयोजक सचिव सेंसई किसलय मानव और अध्यक्ष भिक्षु चंद्रमा ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार 15 दिसंबर को खिलाड़ियों का वजन और उम्र का मिलान किया जाएगा और आई कार्ड वितरण होगा। एशियन रेफरी सेन्सई बिशन मोते की देखरेख में रेफरीशिप सेमिनार होगा जिसमें सभी रेफरी और जज के बीच वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के नए नियमों पर विचार विमर्श होगा।
16 दिसंबर को सब जूनियर और कैडेट तथा 17 दिसंबर को जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के मुकाबले होंगे। विधिवत उद्घाटन 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे होगा, समारोह के मुख्य अतिथि विधि न्याय, खेल सूचना एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी होंगे। 17 दिसंबर को समापन समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल और विशिष्ट अतिथि नीलू मिश्रा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करेंगी।
प्रतियोगिता में यूपी टीम की नेशनल प्लेयर ज्योति सिंह, निधि राजगुप्ता, दिव्या पांडेय, अनिता प्रजापति और गौरी पाठक हिस्सा ले रही हैं। संरक्षक मोनिका सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को सशक्त बनने की आवश्यकता है। उन्हें आत्मरक्षा के गुर सीखने चाहिए। कराटे उनके लिए बेहद सहयोगी हो सकता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को कराटे के प्रति जागरूक करना है।
प्रतियोगिता में एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी विशन मोते (नेपाल), सेन्सई मनोज प्रसाद, प्रदीप सिकारिया और कौशिक अधिकारी (बंगाल), सेर्न्स पूनम सिंह, सेन्सई मोजिब अंसारी (झारखंड), सिहान राम राव राठौर (महाराष्ट्र), सेन्सई सारिका पटेल (उत्तराखंड), सेन्सई विक्रम मिश्रा (बिहार), सेन्सई मनीष कुमार (पंजाब),सेन्सई दीपक पवार (गुजरात), सेन्सई पारसनाथ (फर्रुखाबाद), सेन्सई मुन्ना अंसारी, सारा कुमार (लखनऊ), सेन्सई सुशील उपाध्याय (बलिया), सेन्सई विनय यादव (भदोही), सेन्सई अरुण विश्वकर्मा (मिर्जापुर), सेन्सई जयपाल सोनकर (वाराणसी) होंगे।