पीएम की सांसद निधि की डिजिटल डायरी ऑनलाइन
- फोटो : google
डिजिटल इंडिया के सपने के साकार करने में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे सांसद बन गए हैं, जिनकी सांसद निधि के कार्यों की डिजिटल डायरी तैयार कर उसे ऑनलाइन कर दिया गया है।
न सिर्फ वाराणसी बल्कि देश-दुनिया में कहीं से भी लोग घर बैठे उनकी सांसद निधि का लेखा-जोखा जान सकेंगे। डिजिटल डायरी सोमवार की देर रात वेबसाइट ‘varanasi.nic.in’ पर अपलोड की गई। इसे डीएम वाराणसी और सीडीओ वाराणसी के फेसबुक पेज पर भी देखा जा सकेगा।
डिजिटल डायरी 146 पेज की है। इसमें पिछले तीन साल में सांसद निधि से यहां कराए गए 307 कार्यों का ब्यौरा है। इन कार्यों से जुड़े फोटो भी अपलोड किए गए हैं। योजनाओं की लागत, काम शुरू होने और समाप्त होने की तिथि के अलावा कार्य स्थल और कार्यदायी संस्था सबका विवरण है।
सांसद निधि के कार्यों में पारदर्शिता के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है। सीडीओ सुनील कुमार वर्मा के मुताबिक देश में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी सांसद की सांसद निधि की डिजिटल डायरी तैयार कर उसे ऑनलाइन किया गया है।
पारदर्शिता के लिए जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना की भी डिजिटल डायरी बनाई जाएगी। आगामी 15 दिनों के अंदर इसे भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रेमचंद्र पटेल ने बताया कि डिजिटल डायरी में सांसद निधि के अब तक के तीन साल का पूरा विवरण है।