प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएचयू में आने वाले बुजुर्ग मरीजों को सहूलियत देने के लिए नेशनल एजिंग सेंटर की आधारशिला रखी। आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार का कहना है कि शुक्रवार के बाद एमआरआई, सीटी स्कैन की सेवा सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में शुरू हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वाराणसी दौरे में शुक्रवार को आईएमएस बीएचयू में बुजुर्गों के लिए नेशनल एजिंग सेंटर की आधारशिला रखने के साथ ही कई जांच उपकरणों की भी सौगात दिया। इससे बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीजों के इलाज की राह और आसान होगी। एमआरआई, सीटी स्कैन शुरू होने से वेटिंग कम होगी।
विज्ञापन
बीएचयू अस्पताल में इस समय एमआरआई की दो और सीटी स्कैन की मशीन है। इसके बाद भी मरीजों को एमआरआई के लिए एक से डेढ़ महीने का समय मिल रहा है। सीटी स्कैन के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार का कहना है कि शुक्रवार के बाद एमआरआई, सीटी स्कैन की सेवा सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में शुरू हो जाएगी।
एनआईसीयू में वेंटिलेटर, सर्जरी के लिए लैप्रोस्कोपी समेत कई सुविधाएं मिलने लगेंगी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह का कहना है कि ट्रॉमा सेंटर में हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी के लिए और एकमो के लिए दो मशीनें लगाई जा रही हैं।