खिलाड़ियों को बताई बास्केट करने की तकनीक
बास्केटबॉल कोच नागेंद्र चौरसिया ने खिलाड़ियों को खेल का अभ्यास कराया। बताया कि बास्केटबॉल में बॉल को अलग-अलग एंगल से खड़े होकर बास्केट करना कठिन होता है। इसको ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को अभ्यास कराया गया। अभ्यास शिविर में 72 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
संस्कृति के निर्णायक गोल से गंगापुर हॉकी एकेडमी जीती
गंगापुर हॉकी एकेडमी की ओर से सोमवार सुबह गंगापुर इंटर कॉलेज मैदान पर हॉकी का फाइनल मैच खेला गया। दो दिवसीय मुकाबले का फाइनल डीह डेंजरस और गंगापुर हॉकी एकेडमी के बीच खेला गया। इसमें गंगापुर की संस्कृति के निर्णायक गोल से टीम ने डीह डेंजरस टीम को हराया। इसके साथ ही क्वार्टर फाइनल में मिली हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।
आयोजन सचिव प्रदीप सिंह ने बताया कि मैच शुरू होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे के गोलपोस्ट पर आक्रामक हमले किए। मैच का पहला गोल खेल के तीसरे मिनट में मानसी मौर्या ने किया और टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी। इसके बाद खेल के 15वें मिनट में डीह डेंजरस की फारवर्ड खिलाड़ी अनन्या ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
पहले हाफ तक दोनों टीम 1-1 के स्कोर से बराबरी पर रही। मैच का निर्णायक गोल दूसरे हाफ के 11वें मिनट में गंगापुर एकेडमी की राइट फारवर्ड खिलाड़ी संस्कृति ने किया और टीम का स्कोर 2-1 कर दिया। संचालन मोहम्मद अंसार अंसारी और धन्यवाद ज्ञापन चरणदास गुप्ता ने दिया।
खिलाड़ियों को दिया फुटवर्क का प्रशिक्षण
बीएचयू के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन में खिलाड़ियों को फुटवर्क और शाॅट मारने का प्रशिक्षण दिया गया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक प्रो. राजीव सिंह ने डॉ. विभुति नारायण सिंह इंडोर हॉल में 30 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
हैंडबॉल प्रतियोगिता 24 अक्तूबर से
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत जिले में हैंडबॉल प्रतियोगिता 24 अक्तूबर से होगी। जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू ने सोमवार को बताया कि 24 से 25 अक्तूबर तक विकास इंटर काॅलेज में हैंडबॉल प्रतियोगिता होगी। इसमें 10 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के महिला-पुरुष खिलाड़ी विभिन्न टीमों से खेलेंगे।
प्रादेशिक सीनियर पुरुष हैंडबॉल छह नवंबर से
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 6 से 9 नवंबर तक खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी की ओर से प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता होगी। अगले सप्ताह से वाराणसी मंडल की टीम का प्रशिक्षण शिविर डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में शुरू होगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश की चुनी हुई 18 टीम हिस्सा लेंगी। हर टीम में तीन से चार राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
एशियन यूथ गेम्स में नैना ने किए सात गोल
बहरीन में चल रहे तीसरी एशियन यूथ गेम्स में सोमवार को महिला हैंडबॉल में उज्बेकिस्तान ने भारत को लीग दौर में 39-26 गोल से हरा दिया। भारत की तरफ से खेलते हुए वाराणसी की नैना यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। नैना ने जंप शॉट के सहारे विपक्षी टीम की डिफेंस लाइन को कई बार चकमा देते हुए सात गोल किए।
वाराणसी की ही रहने वाली कोमल राजभर भारतीय टीम की गोलकीपर है। दोनों खिलाड़ी विकास इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। दोनों डॉ. आशा सिंह की देखरेख में परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में प्रशिक्षण लेतीं हैं। यह जानकारी उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने दी। 21 अक्तूबर को भारत का मुकाबला कजाकिस्तान से होगा।
हॉकी प्रतियोगिता 29 से
सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 29 से 30 अक्तूबर तक डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में हॉकी प्रतियोगिता होगी। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डाॅ. एके सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं की टीम हिस्सा लेगी। मास्टर्स आयु वर्ग में केवल पुरुष वर्ग की टीम खेलेगी।
प्रादेशिक कुश्ती में खेलने के लिए अलग-अलग अखाड़ों में खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
स्व. बल्लू पहलवान की स्मृति में भारतीय शैली (मिट्टी) कुश्ती सारनाथ के छाहीं गांव में होगी। भारतीय शैली कुश्ती के प्रदेश महासचिव लालजी यादव ने बताया कि प्रादेशिक में खेलने से पहले जिलास्तरीय प्रतियोगिता होगी। इसमें खेलने के लिए जिले के खिलाड़ी अलग-अलग अखाड़ों में अभ्यास कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश केसरी स्वर्गीय बल्लू पहलवान की स्मृति में यह प्रतियोगिता हो रही है। उत्तर प्रदेश केसरी टाइटल के प्रथम चार विजेता पहलवानों को प्रदेश टीम की तरफ से हिंद केसरी टाइटल प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति होगी। भार वर्गों के केवल प्रथम विजेता को ही राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने की अनुमति होगी।
लालपुर स्टेडियम में बनेगा मल्टीपरपज हॉल, होंगे इंडोर खेल
खिलाड़ियों की इंडोर हॉल की मांग जल्द ही पूरी हो जएगी। इंडोर खेलों को बढ़ावा देने के लिए लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। यहां खेलों को बढ़ावा देने के लिए मल्टीपरपज हॉल निर्माण के अलावा स्टेडियम में सुविधाएं भी बढ़ाई जाएगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि 40 और 20 मीटर लंबा चौड़ा दो मंजिला हॉल बनाने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इसमें बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट्स जैसे खेल होंगे।