श्रीकृष्ण लीला समिति के अशोक पांडेय ने बताया कि तुलसीघाट पर दोपहर तीन बजे भगवान श्रीकृष्ण की नागनथैया लीला सजेगी। 22 फीट का कालियानाग बनाया गया है। कदंब का पेड़ 20 फीट ऊंचा होगा। लीला में ठीक शाम 4:40 बजे प्रभु कदंब की डाल से कूदेंगे और कालियानाग को नाथकर उसके फन पर नृत्य मुद्रा में बांसुरी बजाते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। इस लीला को देखने के लिए आसपास के घाटों और गंगा में नावों से भीड़ उमड़ेगी।
इस लीला के प्रति लोगों में भक्ति और भाव का ही प्रभाव है कि तुलसीघाट गोकुल और उत्तरवाहिनी गंगा यमुना में बदल जाती हैं। इस लीला में नाविक समाज की भी प्रमुख भूमिका होगी। तुलसीदास द्वारा शुरू की गई 22 दिनों की लीला की परंपरा आज भी कायम है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से लेकर पूतना वध, कंस वध, गोवर्धन पर्वत सहित कई लीलाएं होती हैं।
पात्र चयन की चलती रही प्रक्रिया
नागनथैया लीला के लिए श्रीकृष्ण के पात्र के चयन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को भी चलती रही। अशोक पांडेय ने बताया कि लीला के दिन ही चयन के लिए आए बच्चों में से एक का चयन किया जाएगा। चयन के दौरान गंगा में कूदने, सात फन वाले नाग को नाथने और नृत्य मुद्रा में श्रद्धालुओं को दर्शन देने सहित सभी प्रक्रियाओं को निभाया जाता है।