वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर आयुक्त ने कवायद तेज कर दी है। शनिवार को नगर आयुक्त गौरांग राठी ने नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में कई जगह गंदगी मिलने पर उन्होंने आठ सफाई मित्र और सफाई सुपरवाइजर का पारिश्रमिक रोक दिया। वहीं शिकायत प्रकोष्ठ के निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर उसमें सुधार का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने जनता से मिलने वाली शिकायतों को त्वरित गति से निपटाने के लिए अपर नगर आयुक्त अजय कुमार सिंह को निर्देश दिया।
शनिवार को नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी और मकड़ी के जाले मिले। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई मित्र और सुपरवाइजर का पारिश्रमिक रोक दिया। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि एक महीने तक मुख्यालय परिसर की सफाई बेहतर बनाए रखने के उपरांत ही सभी का पारिश्रमिक दिया जाएगा। परिसर के भ्रमण के दौरान बंद पड़े वाटर कूलर्स को तत्काल ठीक कराने, शौचालयों को व्यवस्थित करने का निर्देश मुख्य अभियंता एसपी सिंह व नाजिर को दिया। पूरे परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया। मुख्यालय के भूतल पर स्थित उद्यान विभाग के सामने वाली खाली जमीन पर अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण के लिए मुख्य अभियंता से 15 नवंबर तक प्रस्ताव मांगा है। महिलाओं के लिए पांच नवंबर तक शौचालय का निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया।