वाराणसी। नगर निगम के डेटाबेस में गड़बड़ी करने वाले दो कर निरीक्षकों को शासन से निलंबित कर दिया है। कर निरीक्षक जय प्रकाश मिश्रा और कमलेश सिंह यादव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी संस्तुति की गई है।
प्रमुख सचिव मनोज कुमार ने पत्र जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन से पांच सितंबर तक वाराणसी भ्रमण के दौरान नगर विकास विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया गया। इसमें 90 वार्डों में एक लाख 96 हजार संपत्तियां अंकित हैं, इसमें 24 हजार प्रापर्टी गैर आवासीय है। सैंपल के दौरान वरुणा पार जोन में एक ऑटोमोबाइल शोरूम निगम के दस्तावेज में नौ हजार वर्गमीटर दर्ज मिला, जबकि जीआईएस मैपिंग में यह 36 हजार वर्गमीटर पाया गया। कर निरीक्षक को इसकी जानकारी दी गई तो उन्होंने पुरानी बात दोहराई। संपत्ति में 27 हजार वर्गमीटर की कमी पर कर निरीक्षक जय प्रकाश मिश्र और कमलेश सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया। नगर आयुक्त ने प्रमुख सचिव के पत्र की पुष्टि की है।