वाराणसी। नगर के कुंडों तालाबों को सुंदर एवं स्वच्छ बनाने के साथ ही अब नगर निगम स्मार्ट सिटी के तहत चौराहों को संवारने का भी काम करेगा। इसके लिए नगर आयुक्त गौरांग राठी ने काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में स्थानीय पार्षदों के साथ बैठक की।
इसमें चौराहों के सुधार एवं सुंदरीकरण के संबंध में स्थानीय पार्षदों को कार्यों की विशेषताओं के बारे में अवगत कराया गया। पार्षदों से आवश्यक सुझाव भी मांगे गए। नगर आयुक्त ने कहा कि वाराणसी के प्रमुख रूप से चिन्हित चौराहों में सोनारपुरा, अस्सी, साजन, सिगरा, रथयात्रा चौराहों के ऊंचा किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत मुख्य चौराहों में पैदल यात्रियों के चलने के लिए रेलिंग के साथ पाथवे, यातायात सुरक्षा संबंधी सूचना पट्ट एवं सुविधाओं का विकास किया जाएगा। पार्किगिं का विकास, सभी के लिए मार्गों का वर्गीकरण एवं सुगमता, यातायात का चैनेलाइजेशन किया जाएगा। इससे न केवल नगर के प्रमुख चौराहों की सुंदरता में वृद्धि होगी बल्कि राहगीरों एवं यात्रियों के लिए सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात और सुगम हो जाएगा।