ये है पूरा मामला
शिवपुर थाने की पुलिस ने मौके से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, एक खोखा, एक कारतूस, एक मैगजीन और कोल्डड्रिंक की बॉटल व ग्लास बरामद किया। मामले को लेकर हेमंत के पिता अधिवक्ता कैलाश चंद्र वर्मा की तहरीर पर शिवपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में स्कूल का असिस्टेंट डायरेक्टर रवि सिंह और हेमंत के 1 दोस्त शशांक व किशन का नाम शामिल है।
पुलिस ने आरोपी रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह स्कूल प्रबंधक का बेटा है। इसके साथ ही शशांक सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। किशन की पुलिस तलाश कर रही है।
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी अधिवक्ता कैलाश चंद्र वर्मा के तीन पुत्रों और एक पुत्री में दूसरे नंबर का हेमंत सिंह ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल में 12वीं का छात्र था। हेमंत परमानंदपुर में अपने चाचा रिटायर्ड चिकित्साधिकारी डॉ. सीपी वर्मा के घर पर रहकर पढ़ता था। दोपहर लगभग 1:30 बजे हेमंत के मोबाइल फोन पर कॉल कर रवि सिंह ने उसे बुलाया।
अपने दोस्त शशांक और किशन के साथ हेमंत मुलाकात के लिए रवि सिंह के घर के पास उसके पार्किंग कंपाउंड में कमरे में गया। वहां हेमंत की दायीं कनपटी पर गोली मार दी गई। कमरे में हेमंत और रवि सिंह थे। गोली चलते ही रवि सिंह आनन-फानन में हेमंत को अपने वाहन से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से पुलिस रवि सिंह को पकड़ कर कैंट थाने ले गई। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि पिस्टल के साथ रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हेमंत के एक साथी सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।