रात के अंधेरे में प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी को खतरनाक सजा मिली। उसकी हत्या कर दी गई। साथ ही शव को प्रेमी के ही घर के बाहर फेंक दिया। इतना सबकुछ होता रहा और गांव में किसी को भनक तक नहीं लगी। यह दर्दनाक घटना यूपी के आजमगढ़ के एक गांव में सोमवार रात घटी। मंगलवार की सुबह एसपी ग्रामीण डाग स्क्वाड लेकर मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तरपुर चकिया गांव निवासी श्रवण यादव (20) तीन भाई और दो बहनों में बड़ा था। सोमवार की रात करीब नौ बजे भोजन करने के बाद छोटे भाई प्रवीण के साथ कमरे में बैठकर टीवी देख रहा था। तभी रात साढ़े दस बजे किसी का फोन आने पर श्रवण घर से बाहर निकला।
रात करीब 12 बजे श्रवण की गाय खूंटे से रस्सी तोड़कर बाहर आ गई। तब श्रवण की मां बाहर निकली तो दरवाजे के बाहर शौचालय की दीवार के सहारे श्रवण को टिके हुए देखा। उसके सिर के पीछे चोट लगी थी, लेकिन कहीं खून के छींटे नहीं दिख रहे थे। मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां श्रवण को मृत घोषित कर दिया गया।
मंगलवार की सुबह एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह और जीयनपुर कोतवाली पुलिस खोजी कुत्ता लेकर पहुंचे। कुत्ता श्रवण के दरवाजे पर सूंघते हुए घर से करीब 500 मीटर दूर एक व्यक्ति के मकान के दीवार के पास पहुंचकर रुक गया। देखने पर पता चला कि दीवार पर खून के छींटे पड़े थे। हत्यारोपियों ने सबूत मिटाने के लिए दीवार को साफ करने का प्रयास किया था।
लेकिन पूरा निशान नहीं गायब हो सका था। मामले में एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते श्रवण की हत्या हुई लग रही है। वह रात को किसी का फोन आने पर घर से निकला था। पुलिस कॉल डिटेल के जरिए फोन करने वाले की पहचान करेगी।