यूपी के अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर में सोमवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे स्कार्पियों सवार दो सगे भाइयों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आनन फानन में दोनों घायल भाईयों को जिला अस्पताल आजमगढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। गोली से घायल दो लोगों के जिला अस्पताल पहुंचते ही जैसे हड़कंप सा मच गया था। घायलों के साथ काफी संख्या में लोग भी पहुंचे थे। प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम देने की बात कही जा रही है।
जिला अस्पताल में लगभग पांच बजे अचानक भारी संख्या में पुलिस के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। पूछताछ करने पर पता चला कि अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में कोई घटना हुई है, जिसमें घायल लोग यहां लाए जा रहे है। साढ़े पांच बजे के लगभग एक के बाद एक कर दो घायल जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जिनकी डॉक्टरों ने जांच की तो दोनों की मौत हो चुकी थी। मौत की पुष्टि होते ही साथ आए परिजनों व समर्थकों में कोहराम मच गया।