उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में रविवार की देर रात कमरे में सो रहे 35 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंचे एसपी, फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड के साथ मामले की जांच में जुटे हैं।
चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र चौधरी रविवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सो रहे थे। देर रात किसी ने घर में आकर धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। सुबह परिजनों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह डाग स्क्वायड की मदद से मामले की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया चाकू से वार कर हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। छानबीन की जा रही है, जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।